डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियों की समीक्षा
सभी उपसमितियांे को विभिन्न प्रबंधों एवं गतिविधियों को अंतिम रूप देने के निर्देश
हमीरपुर 10 फरवरी। उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की आयोजन समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को यहां हमीर भवन में जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्सव के सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय करने हेतु पहले ही उपसमितियों का गठन किया जा चुका है और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेवारियां भी सौंपी जा चुकी हैं। इसलिए, सभी उपसमितियां 20 फरवरी तक सभी आवश्यक प्रबंधों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तय कर लें और इनसे संबंधित डिमांड्स एवं एस्टीमेट भी तैयार कर लें, ताकि इन पर होने वाले खर्चों का आकलन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्सव के आयोजन स्थल चौगान में प्लाट एवं स्टॉल आवंटन, तहबाजारी, पार्किंग, कला केंद्र के मंच और इसके आस-पास की सभी व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों और डयूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन इत्यादि सुविधाओं, उत्सव के निमंत्रण कार्ड एवं स्मारिका के प्रकाशन, सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन और अन्य प्रबंधों से संबंधित निविदाएं अतिशीघ्र जारी कर दी जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए दुकानों एवं स्टॉलों के बीच पर्याप्त खाली जगह रहनी चाहिए। पुलिस और अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुसार ही प्लाट आवंटन होना चाहिए। झूलों के निरीक्षण के लिए भी एक अलग तकनीकी समिति बनाई गई है।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय विधायक के निर्देशानुसार उत्सव में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में इस बार अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और इस बार कई नई खेलें शामिल की जाएंगी। सांस्कृतिक संध्याओं में कलाकारों के चयन के लिए एडीसी की अध्यक्षता में उपसमिति का गठन किया गया है।
उत्सव के शुभारंभ और समापन अवसर पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा, उत्सव के दौरान अतिरिक्त बसों के प्रावधान तथा अन्य प्रबंधों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने उत्सव की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
==========================
15 तक बंद रहेगी चकमोह-नलबाड़ भटेड़ सड़क
हमीरपुर 10 फरवरी। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत चकमोह-नलबाड़ भटेड़ सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 15 फरवरी तक बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि चकमोह-नलबाड़ भटेड़ सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 15 फरवरी तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक पंचवटी चकमोह से तांबड़ी सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।
================================
28 तक बंद रहेगी हरसौर-गारली सड़क
हमीरपुर 10 फरवरी। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत हरसौर-गारली सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 28 फरवरी तक बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि हरसौर-गारली सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 28 फरवरी तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक नारा-छपरोह सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।
===========================
मिनी सचिवालय भोरंज की कैंटीन की नीलामी 19 को
भोरंज 10 फरवरी। मिनी सचिवालय भोरंज के परिसर के कमरा नंबर 102 में कैंटीन को तीन वर्ष के लिए मासिक किराये पर दिया जाएगा। इसकी नीलामी प्रक्रिया 19 फरवरी को सुबह 11 बजे मिनी सचिवालय परिसर में आरंभ होगी।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति को उपमंडल कानूनगो कार्यालय में दस हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। कैंटीन का निर्धारित न्यूनतम किराया बोली से पहले ही बताया जाएगा। अधिकतम बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही कैंटीन आवंटित की जाएगी और उसे तीन महीने का किराया एडवांस में देना होगा। कैंटीन में खाने-पीने का सामान डीसी हमीरपुर द्वारा समय-समय पर निर्धारित किए जाने वाले दामों पर ही बेचा जा सकेगा। नीलामी से संबंधित अन्य नियमों एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया जागरुक
हमीरपुर 10 फरवरी। सुरक्षित इंटरनेट दिवस (सेफर इंटरनेट डे) के उपलक्ष्य पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कार्यालय ने मंगलवार को यहां हमीर भवन में एक कार्यशाला आयोजित की।
एसडीएम संजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी की क्रांति और इंटरनेट के विस्तार से जहां हमें अपने मोबाइल एवं कंप्यूटर पर ही कई सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं, वहीं साईबर अपराध जैसी बड़ी चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं। इन साईबर अपराधों से बचने के लिए हमें इंटरनेट एवं ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आम लोगों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से ही हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व भर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के अधिकारियों ने प्रतिभागी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट से सुरक्षित उपयोग और साईबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
=================================================
15 मार्च तक ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे स्कूलों की मान्यता के आवेदन
हमीरपुर 10 फरवरी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिला हमीरपुर के निजी स्कूलों की मान्यता के नवीनीकरण और वर्ष 2026-31 तक मान्यता के नए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ये ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट एमर्जिंगहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन पर 15 मार्च तक किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा का अधिकार 2009 तथा निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2011 हिमाचल प्रदेश में निहित प्रावधानों के अनुसार जिला हमीरपुर के सभी निजी पाठशालाओं का कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपनिदेशक ने बताया कि प्री प्राइमरी से पांचवीं तक कक्षा वाले विद्यालय अपने ऑनलाइन आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ संबंधित बीईईओ को प्रेषित करेंगे। जबकि, प्राइमरी से आठवीं और छठी से आठवीं तक की कक्षाओं वाले विद्यालय प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को ऑनलाइन प्रेषित करेंगे।
कमल किशोर भारती ने बताया कि ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां पाई जाने पर इन्हें ऑनलाइन ही वापस विद्यालय को भेजा जाएगा। त्रुटियों के निवारण के उपरांत इन्हें पुनः संबंधित कार्यालय को ऑनलाइन प्रेषित किया जा सकता है। सही आवेदनों को ऑनलाइन ही मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र जारी किए जाएंगे।
उपनिदेशक ने बताया कि सत्र 2026-27 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को दाखिला दे पाएंगे, जिनके पास विभाग का मान्यता प्रमाण पत्र होगा। मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र के बिना संचालित होने वाले विद्यालयों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक नई मान्यता प्राप्त करने और स्कूल को स्तरोन्नत करके छठी से आठवीं तक नई मान्यता प्राप्त करने के लिए पांच हजार रुपये शुल्क अदा करना होगा। पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता प्राप्त करने का शुल्क दस हजार रुपये निर्धारित किया गया है। जबकि, पहली से आठवीं कक्षा तक मान्यता के नवीनीकरण का शुल्क 500 रुपये प्रतिवर्ष है।
-0-