नादौन 08 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने रविवार को ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें एसडीएम निशांत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए एसडीएम ने कहा कि यह दिन महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ उनकी गरिमा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण का दिवस भी है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। शासन, प्रशासन, विज्ञान और अन्य सभी क्षेत्रों में महिलाएं पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। एसडीएम ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ उन्हें घर में अच्छे संस्कार भी प्रदान करें। बच्चों की सभी गतिविधियों पर भी नज़र रखें, ताकि उन्हें नशे जैसी गंभीर बुराइयों से दूर रखा जा सके।
इससे पहले, नादौन के बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने महिलाओं के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे-मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, मुख्यमत्रंी सुख आश्रय योजना और अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। समारोह के दौरान कुर्सी दौड़, लंगड़ी दौड़, मटका फोड़ और अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। महिलाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अमलैहड़ की पूर्व प्रधान सोनिया ठाकुर, संजय शर्मा, आंगनवाड़ी वृत्त पर्यवेक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, कार्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।