चण्डीगढ़, 09.03.26- : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कमाण्डेन्ट श्रीमती कमल सिसोदिया को "वीमेन अचीवर्स अवार्ड्स 2026" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चंडीगढ़ प्रशासन के सामाजिक कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में माननीय पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान कमाण्डेन्ट कमल सिसोदिया को महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक कल्याण तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के साथ-साथ सीआरपीएफ में लगभग 25 वर्षों की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया गया। वे वर्ष 1962 में स्थापना के बाद से 13वीं बटालियन सीआरपीएफ की पहली महिला कमाण्डेन्ट बनने का गौरव भी रखती हैं, जो बटालियन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सीआरपीएफ अधिकारी, समाजसेवी, लेखिका और प्रेरक वक्ता के रूप में कमाण्डेन्ट कमल सिसोदिया की प्रेरणादायक यात्रा उन्हें महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का एक सशक्त प्रतीक बनाती है, जो देशभर की असंख्य युवतियों और युवाओं को प्रेरित करती रहती है।