अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व चंबा दिवस हर्षोल्लास से आयोजित

हेरिटेज वॉक से प्रतिभागियों ने जानी चंबा की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत
समाज में वास्तविक समानता के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक : मुकेश रेपसवाल
चंबा, मार्च 8-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं चंबा दिवस का आयोजन आज ऐतिहासिक अखंड चंडी महल के दरबार हॉल में हर्षोल्लास के साथ किया गया।
महिलाओं की उपलब्धियों, योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन सेलिब्रेटिंग चंबा एंड द स्पिरिट ऑफ़ वीमेन थीम के अंतर्गत किया गया ।
सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपनिदेशक सैनिक कल्याण कैप्टन (सेवानिवृत्ति) अनुमेहा पाराशर तथा प्राचार्य जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान नम्रता शर्मा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुकेश रेपसवाल ने इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि समाज में वास्तविक समानता स्थापित करने के लिए निरंतर ठोस और सामूहिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सम्मानित किया जाता है, जो एक सराहनीय पहल है। साथ में यह भी आवश्यक है कि समाज में महिलाओं से जुड़े किसी एक प्रमुख मुद्दे जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य या सामाजिक समानता को चिन्हित कर उस पर गंभीरता से कार्य किया जाए ताकि समस्या के समाधान की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ सकें।
उपायुक्त ने कहा कि आज भी कई स्थानों पर बेटियों को बेटों के समान अवसर नहीं मिल पाते, जिससे उनके आत्मविश्वास और क्षमताओं के विकास पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे स्तर पर होने वाला भेदभाव भी बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास को प्रभावित करता है। इसलिए आवश्यक है कि परिवारों में बच्चों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तब संभव है जब प्रत्येक परिवार अपने स्तर पर समानता की भावना को अपनाए।
उपायुक्त ने विशेषकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पहल अपने घरों से ही करनी चाहिए तभी इसका प्रभाव व्यापक स्तर पर दिखाई देगा।
मुकेश रेपसवाल ने इससे पहले दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने इस दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा में जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को क्रमशः 10 और 12 हजार की राशि के चेक भी वितरित किए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक संगठनों की महिला सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम को भी खूब सराहा गया।
इनको मिला महिला उपलब्धि सम्मान–
मुकेश रेपसवाल ने वर्ष भर विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इनमें रिस्पांसिबल टूरिज्म के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए श्रीमती रेनू शर्मा, पारंपरिक लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुमारी रितिका ठाकुर तथा व्यापक स्वच्छता गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए कुमारी दीक्षा मैहरा शामिल रहीं।
भूरि सिंह संग्रहालय में परिचर्चा का हुआ आयोजन
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में इससे पहले चंबा के प्रसिद्ध भूरि सिंह संग्रहालय के सभागार में चंबा दिवस के उपलक्ष्य पर परिचर्चा का भी आयोजन किया गया।
मुकेश रेपसवाल ने चंबा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विशेषकर युवा वर्ग से चंबा की गौरवशाली एवं समृद्ध लोक-कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सामाजिक संस्था नॉट ऑन मैप, प्रयास, द्रोणा समिति इत्यादि के विशेष योगदान की भी सराहना की ।
इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने परिचर्चा में हिस्सा लिया ।
हेरिटेज वॉक में प्रतिभागियों ने जानी चंबा की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत—
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कार्यक्रम की निरंतरता में प्रसिद्ध भूरि सिंह संग्रहालय से चंबा शहर के ऐतिहासिक धरोहरों से प्रतिभागियों को परिचित करवाने के उद्देश्य से हेरिटेज वॉक का शुभारंभ किया ।
इस दौरान प्रतिभागियों को चंबा के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक स्थलों तथा सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया गया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा तथा संग्रहालयध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों के साथ विस्तृत जानकारी साझा की ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी तेवेंद्र चिनोरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास कमल किशोर शर्मा, तहसीलदार चंबा भूपेंद्र कश्यप, सहायक अभियंता नीतिका ठाकुर सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्य और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी इस अवसर पर उपस्थित रहे