सिरसा,11.03.26-- व्यापारी प्रतिनिधियों की मीटिंग हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में रानियां में हुई। इस मीटिंग में कमर्शियल गैस सिलेंडर को ना भरने और रसोई गैस व कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी करने पर गंभीर चिंता प्रकट की।
व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति रोकने से व्यापार ठप्प हो जाएंगे। कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, ढाबे, हलवाई, उद्योग, विवाह-शादी व अन्य व्यापार पर बहुत बुरा असर पड़ेगा। सरकार को कमर्शियल गैस की आपूर्ति को सुचारू रूप से चालू करनी चाहिए ताकि व्यापार व उद्योग पर बुरा असर ना पड़े। बजरंग गर्ग ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर पर 60 रुपए व कमर्शियल सिलेंडर पर 125 रुपए की बढ़ोतरी करने से जनता में बड़ी भारी नाराजगी है। एलपीजी सिलेंडर व कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेटों की बढ़ोतरी से आम जनता पर भारी भरकम बोझ पड़ेगा जबकि पिछली सरकार में रसोई गैस सिलेंडर 413 रुपए का था व डीजल 55 रुपए 49 पैसे था मगर इस सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर में भारी भरकम बढ़ोतरी करके 931 रुपए का कर दिया और पेट्रोल व डीजल के रेट लगभग 95 रुपए प्रति लीटर करके जनता की जेबों में डाका डालने का काम किया है। भाजपा सरकार ने महंगाई खत्म करने का वादा किया था मगर महंगाई खत्म करने की बजाय पहले से दो गुणा महंगाई का बोझ जनता पर डालने का काम सरकार ने किया है। यहां तक की खाद्य वस्तुएं व आम जरूरत के समान में अनाप-शनाप बढ़ोतरी करके जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर रानियां प्रधान सोनू ग्रोवर, सिरसा जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, प्रदेश उप प्रधान आनंद बियानी, जूता एसोसिएशन के जिला प्रधान सोमनाथ शेट्टी, कोटन एसोसिएशन के प्रधान सुशील मित्तल, जिला महासचिव सुरेश गोयल, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल, प्रदेश सह सचिव निरंजन गोयल, प्रदेश युवा प्रभारी राहुल गर्ग, उप प्रधान पिसोरी लाल चुंग, संरक्षक विनोद पपरेजा व सोहन सिंह आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखें।