धर्मशाला, 11 मार्च: डाकघर धर्मशाला मंडल के अधीक्षक रविंदर कुमार शर्मा ने जानकारी दी है कि भारतीय धर्मशाला डाक मंडल द्वारा गत दिवस ++10 मार्च को डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) मेले का आयोजन किया गया।
डाक मंडल के सभी डाकघरांे में एक साथ आयोजित की गई इस पहल का उद्देश्य निवासियों के बीच वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना था, जिसमें आम-जन ने काफी उत्साह से भाग लिया। इस अवसर पर कुल 52.60 करोड़ का व्यवसाय कर 1.05 करोड़ रुपये का नकद प्रीमियम अर्जित किया गया। यह मेला डाक जीवन बीमा योजनाओं के लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान का हिस्सा था, जो अपने कम प्रीमियम और उच्च बोनस के लिए समाज में विशेष स्थान रखती है।
डाक मंडल के प्रमुख स्थानों पर आयोजित इन आयोजनों में आम जनता, सरकारी कर्मचारियों और स्व-नियोजित व्यक्तियों की उत्साही भागीदारी देखने को मिली।
अधीक्षक ने भागीदारी के लिए सभी विभागीय कर्मचारियों एवं जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आम जन से अनुरोध किया कि अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए डाक जीवन बीमा का लाभ उठायें।