पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूची में 28 मार्च तक करवा सकते हैं नाम दर्ज- अपूर्व देवगन

मंडी, 20 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अंतर्गत मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं की समस्त पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूचियों को अद्यतन किया जाना है। अनुपूरक मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए एक अप्रैल, 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी के पास दावे और आक्षेप 28 मार्च, 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी द्वारा दावे और आक्षेप का निपटारा 02 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा। पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी द्वारा जारी आदेशों के सात दिनों के भीतर 10 अप्रैल, 2026 तक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के सम्मुख अपील प्रस्तुत की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा अपील प्रस्तुत करने के सात दिनों के भीतर 17 अप्रैल, 2026 तक अपील का निपटारा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल, 2026 तक या इससे पूर्व किया जा सकेगा।

उपायुक्त ने मंडी जिला की पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों को छोड़कर अन्य सभी पंचायतों के सर्वसाधारण को सूचित किया है कि यदि किसी व्यक्ति को उनकी पंचायत की मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करना हो या कोई दावा या आक्षेप हो तो, संबंधित विकास खंड के पुनर्निरीक्षण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव से सम्पर्क कर सकते हैं। दावे या आक्षेप प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र इन कार्यालयों में निःशुल्क उपलब्ध होंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि जिला मंडी की पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों को छोड़कर अन्य समस्त ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 03 फरवरी, 2026 को प्रकाशित कर दिया गया है। यदि किसी मतदाता का नाम किन्हीं कारणों से 03 फरवरी, 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचन नामावली में अंकित नहीं है, तो वह संबन्धित विकास खण्ड कार्यालय में जारी कार्यक्रम अनुसार निर्धारित तिथि तक वांछित दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप में उपस्थित होकर अनुपूरक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।

=============================================

11 अप्रैल को होगी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026, वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

मंडी, 20 मार्च। जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2026-27 में कक्षा छठी में दाखिले के लिए जिन बच्चों ने पंजीकरण किया है, उनके लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026, (JNVST-2026) 11 अप्रैल, 2026 (शनिवार) को सुनिश्चित की गई है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.डी. शर्मा ने आज यहां बताया कि परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। उन्होंने प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले बच्चों के अभिभावकों एवं अध्यापकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों के प्रवेश-पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit26Card से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही सभी अभिभावकों से यह भी अनुरोध किया है कि 11 अप्रैल, 2026 (शनिवार) को होने वाली परीक्षा के लिए अपने बच्चों के प्रवेश-पत्र और आधार कार्ड के साथ परीक्षा केन्द्रों पर तय समय से पहले उपस्थिति सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 9805319303, 9816999573, 7500741897 तथा 01905-282046 पर किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9:00 बजे से 4:00 बजे तक सम्पर्क कर सकते हैं।