मतदाता सूचियों के लिए समयबद्ध कार्यक्रम जारी: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा
धर्मशाला, 23 मार्च: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आज यहां जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूचियों के मसौदे तैयार करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश पंचायतों और शहरी निकायों के पुनर्गठन व परिसीमन के बाद लागू होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, परिसीमन के अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूचियों को फिर से तैयार किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि परिसीमन के 3 दिनों के भीतर मतदाताओं का सत्यापन और स्थानांतरण पूरा होगा तथा एक दिन में मसौदा मतदाता सूची की प्रीव्यू कॉपी तैयार होगी। प्रीव्यू के एक दिन के भीतर ग्राम सभा की विशेष बैठक होगी और बैठक के 1 दिन के भीतर मसौदा सूची तैयार कर अगले चरण में भेजी जाएगी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम अनुसार मसौदा सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभा की बैठक के लिए कम से कम 3 दिन पहले नोटिस जारी करें और पंचायत सचिव बैठक से पहले मतदाता सूची उपलब्ध कराएं।
सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी कर इसकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को दें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

=================================

व्यवस्था परिवर्तन की मिसाल, बजट में गद्दी समुदाय के लिए ऐतिहासिक निर्णय: मनोज कुमार
धर्मशाला, 23 मार्च: वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज कुमार धर्मशाला स्थित होटल कुणाल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए के महान शहीदों को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को उनकी शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और आज हम सभी का कर्तव्य है कि उनके सपनों के भारत को मजबूत बनाए रखें।
मनोज कुमार ने हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने गांवों की वास्तविक समस्याओं को नजदीक से देखा और समझा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में किसानों, बागवानों, पशुपालकों, भेड़पालकों और विशेष रूप से गद्दी समुदाय की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि गद्दी समुदाय का भेड़पालन व्यवसाय केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री को 14 बिंदुओं पर आधारित एक विस्तृत प्रस्ताव सौंपा था, जिसमें भेड़पालकों की मूलभूत समस्याओं और उनके समाधान का उल्लेख किया गया था।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मात्र 10-11 महीनों के भीतर ऊन के समर्थन मूल्य में 30 रुपये की ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर इसे 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय गद्दी समुदाय के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है और इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इसके अतिरिक्त, सरकार ने ऊन की कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए बजट में 2 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है, जिससे यदि बाजार में कीमत कम होती है तो भेड़पालकों को नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1970 से लंबित भेड़-बकरी परमिट की समस्या को भी सरकार गंभीरता से सुलझाने जा रही है, जिससे नए युवाओं को इस व्यवसाय में आने का अवसर मिलेगा और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
मनोज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा भेड़पालकों के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से एक व्यापक और दूरदर्शी प्रोजेक्ट प्रस्तावित किया गया है, जिसमें भेड़पालकों के लिए 10 लाख रुपये का जीवन बीमा मिल पाएगा, जिससे जोखिम भरे क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा बाॅर्डर क्षेत्रों में जाने वाले भेड़पालकों को 20 हजार रुपये प्रति वर्ष तथा अन्य क्षेत्रों में जाने वालों को 10 हजार रुपये प्रति वर्ष का वार्षिक प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही गद्दी नस्ल के कुत्तों एवं स्थानीय बकरी प्रजातियों के संरक्षण हेतु विशेष योजनाएं चलाई जायेंगी। भेड़पालकों के माइग्रेटरी ट्रैकों का विकास किया जायेगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इको-टूरिज्म के तहत शेल्टर निर्माण किया जाएगा, जिससे भेड़पालकों और पर्यटकों दोनों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आॅर्गेनिक मीट एवं डेयरी उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल डेटा कलेक्शन की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने भेड़-बकरी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरती है, जिससे इन घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि माइग्रेटरी रूट्स पर प्लांटेशन कार्यों को लेकर भी सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
मनोज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और भी बड़े और प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे, जिससे भेड़पालन व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी और गद्दी समुदाय का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। सरकार के इन प्रयासों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध परंपरा और संस्कृति भी सुरक्षित एवं संरक्षित रहेगी

==========================================

शहीद दिवस पर कांगड़ा में निकली पदयात्रा, युवाओं ने लिया मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी का संकल्प
कांगड़ा, 23 मार्च: शहीद दिवस के अवसर पर मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी थीम के अंतर्गत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत अभियान के अंतर्गत राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज, नगरोटा बगवां में पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव थापर के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके उपरांत संक्षिप्त स्मरण भाषण आयोजित किया गया। इसके बाद आयोजित पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया और लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय की। पदयात्रा के दौरान युवा तिरंगा ध्वज, अभियान से संबंधित कैप एवं बैज तथा प्रेरणादायक संदेशों वाले प्लेकार्ड लेकर चले, जिनके माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवा, स्वतंत्रता का सम्मान करें, जिम्मेदारी निभाएं और मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी जैसे संदेश दिए गए।
पदयात्रा राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्र में निकाली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने तथा सामुदायिक विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए काॅलेज प्रशासन, शिक्षकों एवं युवा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

==========================================

प्रोडक्शन ऑपरेटर के भरे जाएंगे 30 पद, 27 से 31 तक साक्षात्कार
धर्मशाला, 23 मार्च: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि फुजियामा सोलर लिमिटेड परवाणु में प्रोडक्शन ऑपरेटर के 30 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता दसवीं या बारहवीं या आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एमएमवी) रखी गई है, आयु 18 से ऊपर रखी गई है। आवेदक को कम्पनी द्वारा रूपए 13 हजार 500 प्रति माह वेतन व अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार दी जाएँगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 27 मार्च को उप रोज़गार कार्यालय ज्वाली में, 28 मार्च को उप रोज़गार कार्यालय पालमपुर में तथा 31 मार्च 2026 को ज़िला रोज़गार कार्यालय, देहरा में सुबह 11 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।

============================================

एमटी ऑटो क्राफ्ट लिमिटेड परवाणु में भरे जाएंगे प्रोडक्शन ऑपरेटर के 30 पद
धर्मशाला, 23 मार्च: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि एमटी ऑटो क्राफ्ट लिमिटेड परवाणु में प्रोडक्शन ऑपरेटर केवल पुरुष के 30 पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता दसवीं या बारहवीं या आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, एमएमवी) रखी गई है, आयु 18 से ऊपर रखी गई है। आवेदक को कम्पनी द्वारा 13 हजार 500 रुपये प्रति माह वेतन व अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार दी जाएँगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 27 मार्च को उप रोज़गार कार्यालय ज्वाली में, 28 मार्च को उप रोज़गार कार्यालय पालमपुर में तथा 31 मार्च 2026 को ज़िला रोज़गार कार्यालय देहरा में सुबह 11 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।