जिला में डिजिटल क्रांति की ओर बड़ा कदम, सभी सरकारी डाक के आदान-प्रदान को ई-डिस्पैच सिस्टम शुरू
बिलासपुर, 01 अप्रैल: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में समस्त सरकारी डाक का आदान-प्रदान अब ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इसी सम्बन्ध में ई- ऑफिस परियोजना के अंतर्गत जिला ई-डिस्पैच सिस्टम को आज से प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से अब समस्त डाक का आदान-प्रदान ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे प्रिंट निकालने एवं डाक/पोस्टल खर्चों में उल्लेखनीय बचत होगी। साथ ही डाक के वितरण में लगने वाला समय लगभग समाप्त हो जाएगा और एक क्लिक के माध्यम से ही डाक किसी भी कार्यालय में तुरंत पहुंच सकेगी। जिला में ई-डिस्पैच सिस्टम शुरू होने से अब कार्यों में तेजी, पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित होगी।
राहुल कुमार ने बताया कि जिला में प्रथम चरण में इस प्रणाली को उपायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सभी उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कार्यालयों एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में शुरू किया गया है। ई-डिस्पैच सिस्टम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी कार्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने जिला में ई-डिस्पैच सिस्टम को पेपरलेस गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सभी कार्यालयों से इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया है।
=======================================
राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं में होगा कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक इनाम
घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव के दौरान 8 और 9 अप्रैल को होगा दंगल, महिला एवं बाल केसरी वर्ग भी शामिल
राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं में कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित
घुमारवीं, (बिलासपुर) 01 अप्रैल: राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं 2026 के दौरान आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुश्ती प्रतियोगिता के संयोजक एवं डीएसपी विशाल वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
एसडीएम गौरव चैधरी ने बताया कि घुमारवीं में 5 अप्रैल से 9 अप्रैल तक राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मेले के दौरान 8 और 9 अप्रैल को कुश्ती मुकाबलों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के पहलवानों के भाग लेने की संभावना है
उन्होंने बताया कि इस बार मेले में कुल पांच प्रमुख कुश्ती मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य कुश्ती में विजेता पहलवान को 51,000 रुपये नकद राशि, गुर्ज (पारंपरिक प्रतीक) तथा उपविजेता को 41,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही हिमाचल कुमार कुश्ती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें 16 से 21 वर्ष आयु वर्ग के पहलवान भाग ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता को 21,000 रुपये तथा उपविजेता को 15,000 रुपये की नकद राशि के साथ सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान बिलासपुर कुमार कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें में 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पहलवान भाग लेंगे तथा विजेता को 11,000 रुपये और उपविजेता को 9,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार मेले में पहली बार बाल केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 15 वर्ष से कम आयु और 60 किलोग्राम से कम वजन वाले पहलवान भाग ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता को 5,100 रुपये तथा उपविजेता को 4,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त महिला कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। महिला वर्ग में विजेता को 15,000 रुपये तथा उपविजेता को 11,000 रुपये की नकद राशि के साथ पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान 8 अप्रैल को दोपहर 1ः00 बजे नगर परिषद प्रांगण से दंगल की भव्य जलेब (शोभायात्रा) निकाली जाएगी, जो मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी। उन्होंने इस संबंध में सभी अधिकारियों को समयबद्ध सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।