गगरेट(ऊना), 25 अप्रैल. तकनीकी शिक्षा, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक जिला स्तरीय शिवबाड़ी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राकेश कालिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दो दिवसीय यह मेला 25 और 26 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि इस ऐतिहासिक मेले को पहली बार जिला स्तरीय स्वरूप और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल है। तकनीकी शिक्षा मंत्री प्रथम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि भी रहे।
इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने अपने संबोधन में शिवबाड़ी मेले के जिला स्तरीय आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है और विकास की यह यात्रा जनसहभागिता से और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल का निर्माण ही व्यवस्था परिवर्तन का मूल है तथा हिमाचल को विकास के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाना सरकार का संकल्प है। इसी उद्देश्य से गांवों में रोजगार के अवसर सृजित कर युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शिवबाड़ी मेले को उच्च दर्जा दिलाने के अनुरोध को वे विधायक के साथ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेंगे तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में इस मेले को राज्यस्तरीय पहचान भी मिलेगी।
उन्होंने विधायक राकेश कालिया की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की आवाज को बेबाकी और मजबूती से उठाने वाले जनप्रतिनिधि हैं, जो गगरेटवासियों के हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी गगरेट क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
वहीं विधायक राकेश कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मेले के सफल आयोजन में जनसहयोग की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मंदिर से किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग लिए बिना स्थानीय लोगों की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से इस मेले का आयोजन संभव हो पाया है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही गगरेट की आईटीआई को यथावत बनाए रखने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री का विशेष धन्यवाद किया।
प्रथम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली कलाकार काकू राम ठाकुर और पंजाबी गायक निंजा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे आयोजन में उत्सव का रंग भर दिया।
इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी रेनू कालिया, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सोहराब कालिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।