जिला परिषद व पंचायत समिति चुनावों की मतगणना हेतु सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्त

मंडी, 4 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने पंचायती राज चुनावों के तहत जिला परिषद तथा पंचायत समिति की मतगणना के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (मतगणना) की नियुक्तियां कर दी हैं। यह नियुक्तियां हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 30 व 31 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं।

उन्होंने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करना है, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके। उपायुक्त ने बताया कि तहसीलदार सुन्दरनगर को खिलड़ा, नौण, चुराग तथा सलापड़ जिला परिषद् निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नियुक्त किया गया है। खंड विकास अधिकारी धनोटू को महादेव व कोट (बल्ह) क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खंड विकास अधिकारी चुराग को सांवीधार, चुराग तथा नौण क्षेत्र के लिए तैनात किया गया है। वहीं खंड विकास अधिकारी सदर को कोटली, स्योग, सदयाणा तथा कटौला निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नियुक्त किया गया है।
===================================
विशेष लोक अदालत 2026 से लंबित मामलों के समाधान की पहल
मंडी, 5 मई। सर्वोच्च न्यायालय, भारत द्वारा न्याय को सरल, सुलभ एवं शीघ्र बनाने के उद्देश्य से समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी के सचिव (वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश) विवेक कायस्थ ने बताया कि यह अभियान 21 अप्रैल, 2026 से आरंभ हो चुका है और इसका समापन 21, 22 तथा 23 अगस्त, 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान उपयुक्त मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को त्वरित और सरल न्याय मिल सके।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत से पूर्व देशभर में विभिन्न स्तरों पर पूर्व-सुलह बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इनमें राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समितियां तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियां शामिल हैं। इन बैठकों का संचालन मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षित मध्यस्थों द्वारा किया जा रहा है, ताकि पक्षकारों को सौहार्दपूर्ण समाधान मिल सके। पक्षकार इन बैठकों में भौतिक अथवा वर्चुअल माध्यम से भाग ले सकते हैं।
उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा हो सके।
सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकार निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई, 2026 निर्धारित की गई है।
अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के दूरभाष नंबर 011-23115652, 011-23116464 तथा सीआरपी निदेशक के दूरभाष नंबर 011-23115652, 011-23116465 पर और ईमेल speciallokadalat2026@sci.nic.in संपर्क किया जा सकता है।
=====================================

एमसीसी एवं कंट्रोल रूम के लिए नए दूरभाष नंबर जारी

मंडी, 5 मई। मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए स्थापित एमसीसी एवं जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से नए दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के दौरान चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा को नोडल अधिकारी लगाया गया है। वे जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के भी नोडल अधिकारी होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यालय एवं नियंत्रण कक्ष के लिए दूरभाष नंबर 01905-226201,01905-226202, 01905-226203, 01905-226204 स्थापित किए गए हैं, जबकि नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर 94184-78500 रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता से जुड़े मामलों के संबंध में इन नंबरों पर जानकारी साझा की जा सकती है।

=========================================

12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में तल्याहड़ स्कूल के होनहार छाये

मंडी, 05 मई। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तल्याहड़ का कला संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है।

स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. मीनाक्षी जोशी ने बताया कि कला संकाय में तनिषा 451 (90.2 प्रतिशत) अंक लेकर प्रथम स्थान पर रही। हर्ष ने 449 (89.8 प्रतिशत) अंक लेकर द्वितीय स्थान तथा गुंजन सेन ने 445 (89 प्रतिशत) अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पाठशाला का विज्ञान संकाय का परिणाम 80 प्रतिशत रहा। इसमें शौर्या सेन ने 353 (70.6 प्रतिशत) अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तन्मय ने 352 (70.4 प्रतिशत) अंक लेकर द्वितीय स्थान तथा शगुन ने 346 (69.2 प्रतिशत) अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि कला संकाय में कुल 21 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें अंग्रेजी विषय में 10, इतिहास में 20, राजनीति शास्त्र में 14, हिन्दी में 14, कम्प्यूटर साइंस में 14 तथा शारीरिक शिक्षा में 9 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक लेकर मेरिट (डिस्टिंक्शन) प्राप्त की है। विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्या डॉ० मीनाक्षी जोशी ने समस्त स्टाफ सदस्यों, विद्यार्थियों व अभिभावकों को बधाई दी है।


--