कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई बी.डी.सी. और जिला परिषद के मतों की गिनती
जिला में चार बी.डी.सी. के अंतर्गत हैं 97 तथा जिला परिषद के हैं कुल 14 वार्ड
मतगणना को जिला में बिलासपुर, स्वारघाट, घुमारवीं तथा झंडूता में स्थापित किये हैं चार केंद्र

बिलासपुर, 31 मई: जिला बिलासपुर की चार पंचायत समितियों तथा जिला परिषद के मतों की गिनती आज प्रातः 9 बजे निर्धारित मतगणना केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। जिला में 4 पंचायत समितियों के अंतर्गत जिनमें बिलासपुर सदर के 25, झंडुता के 23, श्री नैना देवी जी के 15 तथा घुमारवीं के 34 वार्ड शामिल हैं सहित कुल 97 तथा जिला परिषद के कुल 14 वार्ड हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि बी.डी.सी. तथा जिला परिषद के विभिन्न वार्डों की मतगणना के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किये हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए जिला में चार केंद्र स्थापित किये गए हैं जिनमें विकास खंड बिलासपुर सदर के अंतर्गत किसान भवन बिलासपुर, घुमारवीं में राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं, झंडुता में राजकीय महाविद्यालय झंडुता तथा श्री नैना देवी जी विकास खंड की मतगणना स्वारघाट स्थित नए बी.डी.ओ. कार्यालय परिसर में की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतगणना केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है तथा जिला नियंत्रण कक्ष से चारों मतगणना केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज देर शाम तक सभी नतीजे घोषित किये जाने की संभावना है।