चंडीगढ़, दिनांक 31 मई 2026-आज मन की बात कार्यक्रम की 134वीं कड़ी में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायक विचारों एवं राष्ट्र निर्माण के संदेशों को लाइव प्रसारण के माध्यम से चंडीगढ़ वार्ड नंबर 27 के सम्मानित वार्डवासियों ने एक साथ मिलकर सुना एवं देखा। इस अवसर पर विशेष प्रसन्नता का विषय यह रहा कि कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के दौरान वार्ड में एकत्रित श्रोताओं की सहभागिता एवं उत्साह की झलकियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित किया गया। यह वार्ड 27 के लिए गर्व एवं सम्मान का क्षण रहा, जिसने एकजुटता, जनभागीदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के उपरांत स्थानीय पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विचार समाज में सकारात्मक सोच, जन-जागरूकता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम नागरिकों को अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनाते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
पार्षद ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम के इस विशेष प्रसारण का हिस्सा बनना तथा वार्ड 27 के सम्मानित श्रोताओं की सहभागिता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होना पूरे वार्ड के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह वार्डवासियों की जागरूकता, सक्रिय सहभागिता और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी वार्डवासियों ने भी प्रधानमंत्री जी के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान देने का विश्वास व्यक्त किया।