5 से 28 जून तक बंद रहेगी बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क

हमीरपुर 03 जून। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 5 से 28 जून तक बंद किया जा रहा है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क के मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़क पर वाहनांे की आवाजाही 5 से 28 जून तक बंद की जा रही है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक बुंबलू-कलौहण-ब्याड़ सड़क से आवाजाही कर सकते हैं।

=======================================

नशे की समस्या पर 12 जून को बच्चों से संवाद करेंगी उपायुक्त गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर 03 जून। नशामुक्त हिमाचल के अभियान के प्रति आम लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से 12 जून को उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ स्कूली बच्चों के साथ सीधा संवाद करेंगी।
एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया जाएगा। इस अवसर पर स्कूली बच्चे भी भाषण, पोस्टर और नारा लेखन के माध्यम से नशामुक्त हिमाचल का संदेश देंगे। एडीसी ने शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।