उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
विभागीय अधिकारियों से तलब की सभी योजनाओं की ताजा रिपोर्ट
हमीरपुर 06 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शनिवार को यहां हमीर भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके इन विभागों से संबंधित सभी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा, जल शक्ति, बिजली बोर्ड, कृषि, बागवानी, ग्रामीण विकास, लोक निर्माण और कई अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि ये सभी योजनाएं प्रत्यक्ष रूप से आम लोगों से जुड़ी हुई हैं। इनके क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार नियमित रूप से इन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रही है। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की आगामी बैठक में भी इनकी रिपोर्ट तलब की जाएगी। इसलिए, सभी संबंधित अधिकारी इन योजनाओं की रिपोर्ट अपडेट रखें। अगर किसी योजना के क्रियान्वयन में कोई दिक्कत आ रही है तो उसके बारे में फीडबैक भी दें।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपायुक्त को विभिन्न योजनाओं की ताजा स्थिति से अवगत करवाया। बैठक में नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

=======================================

प्रतिभाशाली बच्चों को दिया जाएगा ऑनलाइन कोचिंग पैकेज : गंधर्वा राठौड़
वीनस फाउंडेशन और फिजिक्सवाला के सहयोग से जिला प्रशासन ने की विशेष पहल
महिला उद्यमियों के उत्पादों के बेहतर विपणन में भी मदद करेगी वीनस फाउंडेशन

हमीरपुर 06 जून। जिला हमीरपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए जिला प्रशासन ने स्वयंसेवी संस्था वीनस फाउंडेशन और प्रसिद्ध ऑनलाइन कोचिंग संस्थान फिजिक्सवाला के सहयोग से एक विशेष पहल की है। इस संबंध में शनिवार को यहां बचत भवन में आयोजित शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन ‘नवदिशा’ में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला प्रशासन ने वीनस फाउंडेशन के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया है, जिसके तहत वीनस फाउंडेशन जिला हमीरपुर के चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा से फिजिक्सवाला का ऑनलाइन पैकेज निशुल्क उपलब्ध करवाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में आजकल ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली बच्चे सही गाइडेंस एवं कोचिंग के अभाव में जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे रैंक हासिल नहीं कर पाते हैं। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने यह पहल की है। वीनस फाउंडेशन और फिजिक्सवाला के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए उपायुक्त ने ऑनलाइन कोचिंग पैकेज के लिए चयनित विद्यार्थियों से कहा कि वे इस पैकेज का भरपूर लाभ उठाते हुए कड़ी मेहनत करें और जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करें।
इस अवसर पर वीनस फाउंडेशन की प्रमुख एकता चौधरी, टीम की अन्य सदस्यों दिव्या और स्वराल तथा फिजिक्सवाला के शिक्षक अमित कुमार ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कई विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए।
इसके बाद दोपहर बाद के सत्र में उपायुक्त ने महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमियों के साथ भी संवाद किया। इस दौरान वीनस फाउंडेशन की टीम ने महिला उद्यमियों एवं समूहों के उत्पादों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया। एकता चौधरी और अन्य विशेषज्ञों ने बताया कि वीनस फाउंडेशन इन महिला उद्यमियों के उत्पादों की मार्केटिंग में हरसंभव मदद करेगी।

============================================

डिजिटल मार्केटिंग और जीईएम पोर्टल से जुड़कर बढ़ाएं कारोबार
उद्योग विभाग ने उद्यमियों के लिए सलासी में आयोजित की कार्यशाला

हमीरपुर 06 जून। लघु उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग के प्रति जागरुक करने के लिए उद्योग विभाग ने शनिवार को सलासी स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र में एक कार्यशाला आयोजित की। ‘डिजिटल मार्केटिंग एवं डिजिटल साक्षरता’ तथा ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल’ विषयों पर आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता उद्योग विभाग विस्तार निरीक्षक (ईआई) प्रवेश कुमार ने की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रवेश कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमों तथा अन्य हितधारकों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग एवं सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने के लिए जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि सभी उद्यमियों को इन आधुनिक माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए।
कार्यशाला के दौरान रैम्प प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी शर्मा, विनय कुमार, नवीन शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के विभिन्न पहलुओं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के उपयोग, ऑनलाइन ब्रांड निर्माण, ग्राहक पहुंच बढ़ाने तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही जीईएम पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया, उत्पाद सूचीकरण, सरकारी विभागों को वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति तथा उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में छोटे उद्यमियों एवं ग्रामीण उत्पादकों के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और सरकारी ई-मार्केटप्लेस ने नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। डिजिटल तकनीकों को अपनाकर स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल और बीडीओ कार्यालय हमीरपुर से लेडी विलेज डेवलपमेंट कोऑर्डिनेटर वंदना कुमारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

========================================

खेलो इंडिया के शूटिंग सेंटर के लिए ट्रायल्स 20 को

हमीरपुर 06 जून। जिला मुख्यालय के निकट अणु खुर्द में स्थित अल्माइटी एजूकेशन सोसाइटी के खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर में 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल के चयन ट्रायल्स 20 जून को आयोजित किए जाएंगे।
शूटिंग रेंज के प्रभारी अभय ठाकुर ने बताया कि इन चयन ट्रायल्स में 12 से 17 वर्ष तक की आयु के बच्चे भाग ले सकते हैं। इनमें जिला हमीरपुर और आस-पास के क्षेत्रों के बच्चे भाग ले सकते हैं। उन्हें अपने साथ आयु प्रमाण पत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। एयर राइफल में चयन का न्यूनतम मानदंड 120/200 और एयर पिस्टल में 340/400 निर्धारित किया गया है।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 82191-20359 पर संपर्क किया जा सकता है।

============================================

25 तक बंद रहेगी लुद्दर-लगमनवीं-सुलगवान सड़क

भोरंज 06 जून। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत लुद्दर-लगमनवीं-सुलगवान सड़क की मरम्मत के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 25 जून तक बंद किया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि लुद्दर-लगमनवीं-सुलगवान सड़क के मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़क पर वाहनांे की आवाजाही 25 जून तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक अन्य वैकल्पिक रूटों से आवाजाही कर सकते हैं।
एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दोनों तरफ सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि वाहन चालकों को कोई दिक्कत न हो और वे वैकल्पिक रूटों का इस्तेमाल कर सकें।

=========================================

जिला स्तरीय उड़न दस्ते ने पट्टा और लदरौर में किए चालान

हमीरपुर 06 जून। जिला हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश खुली सिगरेट एवं बीड़ी की बिक्री निषेध और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के खुदरा व्यापार विनियमन अधिनियम, 2016 और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को रोकने के लिए बनाए गए कोटपा एक्ट, 2003 की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए गठित जिला स्तरीय उड़न दस्ते ने शनिवार को भी कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि पट्टा एवं लदरौर क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान कोटपा एक्ट, 2003 की धारा 4 के तहत 7 चालान और धारा 6 के तहत 6 चालान किए गए। इस उड़न दस्ते में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा औषधि निरीक्षक मोनिका शर्मा और पुलिस के चिट्टा मुक्त अभियान की टीम भी शामिल रही।
डॉ. अजय अत्री ने दुकानदारों से अपील की है कि वे तंबाकू बेचने का लाइसेंस बनाकर ही तंबाकू उत्पादों की बिक्री करें। अगर उन्होंने अभी तक यह लाइसेंस नहीं बनवाया है तो इसे अतिशीघ्र बनवा लें। लाइसेंसधारक दुकानदार अपने लाइसेंस को दुकान की सामने वाली दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें तथा खुली सिगरेट की बिक्री न करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि खुली सिगरेट बेचते हुए पकड़े जाने पर दुकानदार को पांच हजार रुपये तक जुर्माना हो सकता है और दूसरी बार पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ सजा का भी प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों ने स्कूल के समीप 100 गज की दूरी के भीतर तम्बाकू उत्पाद बेचने का लाइसेंस ले रखा है, वे अपना लाइसेंस अतिशीघ्र संबंधित विभाग में जमा करवाएं।