\6 जून 2026, रोहतक-दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में नाटक ‘बियोंड द इमेजिनेशन’ का तीन दिवसीय मंचन 9 जून से किया जाएगा। फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के मिनी ऑडिटोरियम में होने वाले मंचन में थियेटर, नाटक व कला प्रेमियों के लिए एंट्री निशुल्क रहेगी। नाटक का मंचन एक्टिंग डिपार्टमेंट के छात्र करेंगे। वे तीन दिवसीय मंचन के दौरान इसके पांच बार शो प्रस्तुत करेंगे।

एफटीवी के फैकेल्टी कॉर्डिनेटर महेश टीपी ने बताया कि ‘बियोंड द इमेजिनेशन’ प्रसिद्ध मराठी नाटक प्रतिबिंब पर आधारित है, जिसे जाने-माने लेखक, साहित्यकार महेश एलकुंचवार ने लिखा है। एक्टिंग के चौथे सेमेस्टर के छात्र भारती, प्रिंस व पुष्कर इसके मुख्य पात्र होंगे, जो लगातार तैयारी में जुटे हैं। इसके निर्देशक एनएसडी से स्नातक सुशील कांत रहेंगे, जबकि प्रॉडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी बिपिन गोबाले की रहेगी। एनएसडी की ही पूर्व छात्रा पाली फुकॉन कॉस्ट्यूम डिजाइन कर रही हैं। इसका हिंदी अनुवाद वसंत देव ने किया है, जबकि साउंड की जिम्मेदारी दीपा वर्मा संभालेंगी। दर्शकों को थियेटर वाला अनुभव महसूस कराने के लिए मिनी ऑडिटोरियम के मंच पर नाटक का सेट तैयार किया जा रहा है। बाहर से आई एक्सपर्ट की टीम सुपवा के छात्र कलाकारों की लगातार रिहर्सल कराने में जुटी है। एफसी महेश टीपी ने बताया कि बियोंड द इमेजिनेशन की प्रस्तुति 9, 10 व 11 जून को शाम 6:30 बजे से होगी, जबकि 9 व 11 जून को दोपहर 3:30 बजे इसके दो अतिरिक्त शो भी चलेंगे।