शिक्षा और समग्र विकास का आदर्श मॉडल बन रही हरोली : मुकेश अग्निहोत्री
हरोली में जल्द स्थापित होगा सब-जज कोर्ट
हरोली (ऊना), 11 जुलाई. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में समग्र विकास के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर सीमित थे, लेकिन आज हरोली प्रदेश के उभरते शैक्षणिक केंद्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्तमान में यहां तीन सरकारी महाविद्यालय, 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दो आईटीआई, केंद्रीय विद्यालय, ट्रिपल आईटी, नर्सिंग कॉलेज तथा लॉ कॉलेज संचालित हैं। आयुर्वेदिक महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हरोली, दुलैहड़ और बाथड़ी के विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिससे क्षेत्र का शिक्षा मॉडल पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में सब-जज कोर्ट की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे क्षेत्रवासियों को न्यायिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को भी निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। हरोली अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तर की गई है, जिसके लिए लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त भवन का निर्माण होगा। इस भवन का शिलान्यास सोमवार को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आईना परियोजना के तहत लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से पूरे विधानसभा क्षेत्र को सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जोड़ा गया है। शीघ्र ही हरोली बस डिपो जनता को समर्पित किया जाएगा तथा हरोली से प्रदेश और देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा भी आरंभ की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली की पहचान आज उसके विकास कार्यों से है। उन्होंने कहा कि भाजपा के स्थानीय नेता इन परियोजनाओं पर सवाल उठाते रहे और इनके पूरा होने पर संदेह जताते रहे। भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान भी हरोली के विकास में कोई नई ईंट नहीं जुड़ी।लेकिन हमने जो संकल्प जनता से किए, उन्हें एक-एक कर धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है और यह विकास यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। घर-घर और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 14 पुलों का निर्माण प्रगति पर है। 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ट्रैफिक पार्क जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोड़ा में 10 करोड़ रुपये की लागत से एथलेटिक ट्रैक, 5.50 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन तथा 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलिपोर्ट परियोजना पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली मेला मैदान का विकास 10 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देश राज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंद्र कौर एवं ज्योति बाला, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष वीरेंद्र मानकोटिया, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, हिमकैप्स संस्था के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, हरोली के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार, धर्म सिंह चौधरी, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, सतीश बिट्टू और सुभद्रा चौधरी सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वही,प्रशासन की ओर से उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार, मुख्य वास्तुकार (चीफ आर्किटेक्ट) राजीव शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता देवानंद, अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) बलदेव, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।
==========================================
*14 करोड़ की लागत से बने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के नए भवन का लोकार्पण*
**अगले शैक्षणिक सत्र से एमएससी और लॉ की कक्षाएं होंगी शुरू, प्रदेश के उत्कृष्ट* *महाविद्यालयों में होगी हरोली कॉलेज की पहचान : उपमुख्यमंत्री*
ऊना, 11 जुलाई. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। साथ ही, उन्होंने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उनके अपने क्षेत्र में ही आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में हरोली महाविद्यालय का अत्याधुनिक शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह महाविद्यालय प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय में एमएससी तथा लॉ की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या वर्तमान लगभग 500 से बढ़ाकर अगले वर्ष 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास का अभी पहला चरण पूरा हुआ है और इसके समग्र विकास के लिए भविष्य में भी हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में अब तीनों महाविद्यालय अपने-अपने भवनों में संचालित हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा का मजबूत आधार तैयार हुआ है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली महाविद्यालय में वर्तमान में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीएससी (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एमकॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेजी, इतिहास और हिंदी विषयों में एमए की पढ़ाई संचालित हो रही है। इस शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए तथा बीएससी कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के विस्तार से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2017 में इस महाविद्यालय का शिलान्यास किया था, लेकिन पिछली भाजपा सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में भवन निर्माण का कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा कर विद्यार्थियों को समर्पित किया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर प्रस्ताव भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने महाविद्यालय में नियमित एलुमनाई मीट, विद्यार्थियों के लिए एक्सपोज़र विज़िट तथा वार्षिक समारोह में अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि शिक्षा के साथ संस्थान और समाज के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत हों।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देश राज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, सुरेंद्र पाल कौर एवं ज्योति वाला, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।