सोलन दिनांक 13.07.2026

ज़िला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचित

उपायुक्त सोलन एवं विहित प्राधिकारी मनमोहन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 126 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ज़िला सोलन के ज़िला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का परिणाम घोषित किया है।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि कुमारी शीला देवी को अध्यक्ष पद तथा पंकज शर्मा को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया है।

===========================================

कलाकारों ने गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दल पूजा कला मंच के कलाकारों द्वारा आज कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत कुनिहार व ग्राम पंचायत सानण में गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को मुख्यमंत्री कार्प मत्स्य पालन योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। योजना के अंतर्गत किसानों को कार्प मत्स्य पालन के तालाब निर्माण के लिए इकाई लागत पर 80 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। सभी वर्ग के किसान योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। बेरोज़गार युवाओं और नए आवेदकों को प्राथमिकता दी जाती है।
युवाओं को अवगत करवाया गया कि उन्हें खेल गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार यथासम्भव प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों की डाईट मनी में वृद्धि की है। प्रारम्भिक शिक्षा स्तर के खिलाड़ियों को प्रदेश में होने वाले खेलों में भाग लेने के लिए 250 रुपए प्रतिदिन तथा प्रदेश से बाहर होने वाले खेलों में भाग लेने पर 500 रुपए प्रतिदिन देने का निर्णय लिया है।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को खेल, व्यायाम व अन्य रचनात्मक गतिविधियों के सकारात्मक प्रभाव और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी अवगत करवाया।
कलाकारों ने ग्रामीणों सेे सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राजेन्द्र कुमार, ग्राम पंचायत सानण के प्रधान योगराज शर्मा, ग्राम पंचायत कुनिहार के उप प्रधान अभिमन्यु, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक डुमैहर के प्रबंधक मनीराम गर्ग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ऊमा देवी, आंगनवाड़ी सहायिका पुष्पा देवी, वार्ड सदस्य, आशा कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे।