हमीरपुर 25 जुलाई। हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन ने शुक्रवार को गांव टिक्कर के कटोच बैंक्वेट पैलेस में आध्यात्मिक गुरु चारीजी महाराज की 99वीं जयंती बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। बीएस चंदेल और कौशल्या चंदेल के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर मुख्य अतिथि और बड़सर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चंद्रशेखर ने कहा कि आज के दौर में पारिस्थिकीय संतुलन को बनाए रखने और पर्यावरण के संरक्षण बहुत आवश्यकता है। पहाड़ी क्षेत्रों के पारिस्थितिकी तंत्र के असंतुलित होने और अचानक बाढ़ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से जहां पारिस्थिकीय संतुलन बहुत आवश्यक है, वहीं शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से प्रत्येक व्यक्ति में भी आंतरिक संतुलन उतना ही आवश्यक है। इसे मेडिटेशन और नैतिक मूल्य आधारित जीवन शैली अपनाकर ही हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुभाष चंद ढटवालिया ने भी हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन के प्रयासों एवं विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इस तरह की आध्यात्मिक गतिविधियों का महत्व और भी बढ़ गया है।
कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस के अन्य वक्ताओं ने भी मेडिटेशन के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज की तेज़-रफ़्तार दुनिया में, खासकर युवाओं के लिए मेडिटेशन बहुत ज़रूरी हो गया है। नियमित रूप से मेडिटेशन करने वाले व्यक्ति में भावनात्मक संतुलन, विचारों में स्पष्टता और आंतरिक अनुशासन विकसित होता है। इससे युवा नशे और कई अन्य बुराइयों से भी दूर रहते हैं।
इस अवसर पर मेडिटेशन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को प्रेक्टिकल रूप से मेडिटेशन करवाई गई। डॉ. निष्ठा हुड्डा ने इंसानी शरीर के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड को बैलेंस करने के लिए एक खास पोलैरिटी सेशन का संचालन किया।
डॉ. अमरजीत सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, वॉलंटियर्स और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी के रूप में रिटायर्ड ब्रिगेडियर आरके मैकस्यूडन और तारा मैकस्यूडन भी उपस्थित रहीं।