सोलन-दिनांक 13.08.2026
ग्रामीण क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता - संजय अवस्थी
चुनाड़ व ग्याणा क्लस्टर में अमरूद का पौधा रोपित कर एच.पी. शिवा परियोजना के प्रथम चरण का किया शुभारंभ
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि किसानों व बागवानों की आय में बढ़ौतरी कर ग्रामीण क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। संजय अवस्थी ने आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जमरोटी के गांव चुनाड़ तथा ग्राम पंचायत ग्याणा में एच.पी. शिवा परियोजना के तहत प्रथम चरण में चुनाड़ व ग्याणा क्लस्टर में अमरूद का पौधा रोपित कर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का विकास राज्य को विकसित प्रदेश बनाने के लिए महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा एच.पी. शिवा परियोजना के तहत कलस्टर स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन में 12 कलस्टर बनाए गए है, इनमें से 07 कलस्टर अर्की में स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एच.पी. शिवा परियोजना के तहत कलस्टर का विस्तार करें और स्थापित कलस्टर के साथ लगती ग्राम पंचायतों को एच.पी. शिवा परियोजना से जोड़ना सुनिश्चित करें ताकि ग्रामीण क्षेत्र का विकास सम्भव हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना में इच्छुक किसानों को जोड़ने के साथ-साथ नई तकनीक की जानकारी प्रदान करना भी सुनिश्चित करें।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के अंतर्गत लगाए गए पौधों का समय-समय पर निरीक्षण करना भी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने तक ही सीमित न रहे अपितु पौधों की सफलता दर को जांचना सुनिश्चित बनाएं ताकि किसानों को लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि चुनाड़ क्लस्टर में लगभग 10 हैक्टेयर भूमि पर 6000 पौधे तथा ग्याणा कलस्टर में लगभग 3.5 हैक्टेयर भूमि पर जरवी, रेड श्वेता, हिसार सफेदा, अमरूद प्रजाति के उच्च घनत्व वाले 3650 पौधे रोपित किए गए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 02 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी। इस योजना में उठाऊ सिंचाई योजना, टपक सिंचाई प्रणाली, सौर चलित बाड़बन्दी, पौधारोपण इत्यादि कार्य किए जाएंगे। इससे लगभग 41 किसान लाभान्वित होंगे।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
बागवानी विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ कुनिहार डॉ. रितेश शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत किया व परियोजना से सम्बन्धित विस्तृत जानकारी दी।
उपनिदेशक बागवानी विभाग डॉ. शिवाली ठाकुर द्वारा धन्यवाद किया गया व कलस्टर में आयोजित पौधारोपण से संबंधित विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत जमरोटी के प्रधान रामा बंसल, ग्राम पंचायत ग्याणा के प्रधान संतोष, ग्राम पंचायत जमरोटी के उप प्रधान विनय शर्मा, ग्राम पंचायत ग्याणा के उप प्रधान जयदेव, ग्राम पंचायत भूमती के पूर्व प्रधान एवं चकमा प्रधान योगेश गौतम, वाटर यूजर्स ग्रुप जमरोटी के प्रधान सुरेश गर्ग, कांग्रेस समिति के ज़िला उपाध्यक्ष सी.डी. बंसल, बाघल लैंड लूजर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, विषय वस्तु विशेषज्ञ कुनिहार डॉ. रितेश शर्मा, प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. पूनम केरो, ज़िला समन्वयक डॉ. देवेन्द्र अत्री, पुलिस उप अधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झालटा, उपमण्डलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
=============================================
ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री सहारा योजना के लिए करें आवेदन
मुख्यमंत्री सहारा योजना का संचालन एवं क्रियान्वयन अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा किया जा रहा है। यह जानकारी ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन विवेक अरोड़ा ने दी।
विवेक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री सहारा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रसित रोगियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत पार्किसन रोग, मैलिग्नेंट कैंसर, स्थाई दिव्यांगता के साथ लकवा से पीड़ित एवं दीर्घकालिक उपचाराधीन अथवा शय्याग्रस्त मरीज, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, तीव्र अथवा दीर्घकालिक गुर्दा विफलता से ग्रसित मरीज तथा ऐसी अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति जिसके कारण वह स्थाई रूप से कार्य करने में असमर्थ हो गया हो, को लाभ दिया जाता है।
विवेक अरोड़ा ने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत आवेदन से भुगतान तक की प्रक्रिया का डिजिटाईजेशन कर सम्पूर्ण प्रक्रिया के संचालन का आधुनिकीकरण करने के लिए एक नया ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इससे आवेदकों को सभी योजनाओं का लाभ एक ही सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों व लाभार्थियों के आवेदन हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा सोसाइटी द्वारा लम्बित रखे गए थे उन्हें भी सहायता राशि के लिए पुनः आवेदन करना होगा।
ज़िला कल्याण अधिकारी ने कहा कि इच्छुक व लम्बित आवेदक अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan से या नज़दीकी लोक मित्र केन्द्र से करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों की पहचान व सत्यापन और प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं को पूरा करने में आवश्यक सहायता करेगी।
उन्होंने कहा कि आवेदक जानकारी के लिए ज़िला कल्याण अधिकारी अथवा तहसील कल्याण अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं।
.0.