पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
जिला दंडाधिकारी मुकेश रेप्सवाल ने जारी किए आदेश
चम्बा, अगस्त 22-जिला दंडाधिकारी मुकेश रेप्सवाल ने मोहल्ला पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग पर वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग पर राजकीय माध्यमिक विद्यालय के समीप सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते जनहित में सुरक्षा को लेकर उक्त मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत जारी किए गए हैं।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सड़क की आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्स्थापना कार्य पूरा होने तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को यातायात के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।
पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग इत्यादि की व्यवस्था करने के साथ आदेश की अनुपालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
=====================================================
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तहत सुरक्षा एवं संचार व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
एक हज़ार से अधिक पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की होगी तैनाती
सांय 7 बजे से प्रातः 4 बजे तक हड़सर से पवित्र डल झील तक प्रतिबंधित रहेगी यात्रा –मुकेश रेपस्वाल
चम्बा, अगस्त 22-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
उपायुक्त आज श्री मणिमहेश यात्रा- 2026 के दौरान सुरक्षा एवं संचार व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय एवं संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपमंडलीय मुख्यालय भरमौर में मुख्य संचार नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मैहला से आगे रात 11 बजे से प्रातः 4 बजे तथा हड़सर से पवित्र डल झील तक सांय 7 बजे से प्रातः 4 बजे तक यात्रा प्रतिबंधित रखी जाए।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती, श्रद्धालुओं की निगरानी, भारी वाहनों की नियंत्रित आवाजाही, संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक उपकरणों एवं मशीनरी की उपलब्धता तथा हड़सर से डल झील तक स्वयंसेवकों की तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बैठक में अवगत किया कि यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। इस वर्ष यात्रा के लिए लगभग एक हज़ार पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को लेकर करियां से धरवाला, धरवाला से खड़ामुख, खड़ामुख से सावनपुर, सावनपुर से पट्टी नाला, पट्टी नाला से हड़सर तथा हड़सर से धनछो सहित गौरी कुंड से डल झील तक जाने वाले विभिन्न मार्गों को सेक्टरों में शामिल किया गया है। इनके साथ-साथ इस बार
स्थानीय लोगों द्वारा आवागमन के लिए प्रयोग किए जाने वाले वैकल्पिक मार्गों को भी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में शामिल किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चिराग शर्मा , डीएसपी बलदेव दत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
*उपायुक्त की श्रद्धालुओं से अपील
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित समय एवं मार्ग का पालन करने के साथ-साथ जारी किए गए सुरक्षा निर्देशों का भी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने तथा मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने का आग्रह किया है।