चंडीगढ़ सेक्टर 40 की मार्किट को शहर की पहली पूर्णत: ग्रीन मार्किट के रूप में विकसित करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। नगर निगम चंडीगढ़ द्वारा स्थानीय निवासियों एवं मार्किट एसोसिएशनों के सहयोग से लगभग 2,500 पौधे लगाने के मास प्लांटेशन अभियान का शुभारंभ नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर बलबीर राज और स्थानीय पार्षद श्रीमती गुरबख्श रावत ने किया।

इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर बलबीर राज जी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अनोखा और यूनिक कॉन्सेप्ट है। उन्होंने पार्षद श्रीमती गुरबख्श रावत जी को इस सोच और विजन के लिए बधाई दी, जिन्होंने मार्किट के प्रवेश मार्गों एवं आसपास के ऐसे खाली हिस्सों को ग्रीन एरिया में बदलने का विचार नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष रखा।

गुरबख्श रावत जी ने बताया कि शहर की कई बाजारों के प्रवेश स्थानों पर खाली पड़े ऐरिया अक्सर कूड़ा, मलबा और अन्य अनुपयोगी सामग्री फेंकने के स्थान बन जाते हैं। यदि इन स्थानों को साफ-सुथरा कर वहां घास और पौधे लगाए जाएं, तो इन्हें सुंदर एवं हरित क्षेत्रों में परिवर्तित किया जा सकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर 40 में इस अभियान की शुरुआत की गई है।

इस पहल को स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ते हुए नगर निगम द्वारा खाली पड़े हिस्सों से मलबा और पत्थर हटाकर जमीन को तैयार किया गया, नए सिरे से घास लगाई गई तथा पौधारोपण के लिए सुंदर ग्रीन बेड तैयार किए गए। इस प्रकार कई ऐसे स्थानों का पूरी तरह कायाकल्प कर उन्हें हरित क्षेत्रों में परिवर्तित किया गया है।

नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विंग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर प्रिंतपाल सिंह ने बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट पर कोई भी अतिरिक्त खर्च ना किए बिना नगर निगम के उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया गया है। वन विभाग से प्राप्त पौधों तथा नगर निगम की अपनी नर्सरी के पौधों का उपयोग इस अभियान में किया जा रहा है।

इस कार्य को धरातल पर उतारने में नगर निगम की हॉर्टिकल्चर विभाग की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतिपाल सिंह की देखरेख में एक्सईएन अश्विनी कुमार, एसडीओ रोहित गर्ग तथा जूनियर इंजीनियर हरचंद सिंह सहित कर्मचारियों की पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत कर इन स्थानों को विकसित किया।

इस अवसर पर पार्षद रावत ने नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार, जॉइंट कमिश्नर बलबीर राज , हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके वार्डवासियों और व्यापारियों की मांग थी कि सेक्टर 40 की मार्किट को एक स्वच्छ, सुंदर और पूरी तरह ग्रीन मार्केट के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को धरातल पर उतारने में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका पूरा सहयोग किया है।

उन्होंने अन्य मार्किट एसोसिएशनों से भी आह्वान किया कि वे इस “ग्रीन मार्किट अभियान” से जुड़ें और शहर के अन्य बाजारों को हरित एवं स्वच्छ बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जब शहर की मार्किट ऐसोसिएशन, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, स्थानीय निवासी और नगर निगम मिलकर काम करेंगे, तभी हम चंडीगढ़ को ओर अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बना पाएंगे।

पार्षद ने नागरिकों से भी अपील की कि उनके आसपास यदि कोई गंदा, खाली या अनुपयोगी स्थान है, जिसे बेहतर व हरित बनाया जा सकता है, तो वे नगर निगम और स्थानीय पार्षदों के सहयोग से उस स्थान को साफ करवाएं तथा वहां फूलदार एवं हरित पौधे लगाएं।