शिमला, 24.08.26: आज अपराह्न 1:15 बजे हिमाचल प्रदेश विधान सभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही देखने आए हि0प्र0 विश्वविद्यालय के राजनीतिक विभाग के छात्र –छात्राओं को सम्बोधित करते हुए हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि सम्पूर्ण हिमाचल प्रदेश 1972 तथा 2007 के परिसीमन के तहत 68 निर्वाचन क्षेत्रों में बंटा हुआ है जिसमें सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति की सीटें भी शामिल हैं।

छात्र – छात्राओं से संवाद के दौरान पठानियां ने सवाल किया कि विधान सभा क्या है और विधान सभा क्या कार्य करती है। जिसके जवाब में सभी छात्र – छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि विधान सभा चुने हुए प्रतिनिधियों का सदन है जो विधान सभा का गठन करते हैं तथा विधान सभा के पास कानून बनाने का अधिकार है जिसको बनाने में देश के संविधान ने उन्हें अधिकृत किया है।

पठानियां ने कहा कि जिस दल की संख्या आवश्यक बहुमत से अधिक होती है वह सरकार का गठन करता है जिसका मुखिया मुख्यमंत्री होता है। मुख्यमंत्री कैबिनेट का गठन करते हैं जिसकी हि0प्र0 में अधिकतम सीमा मुख्यमंत्री समेत 12 निर्धारित है। इसके अतिरिक्त विधान सभा अध्यक्ष का चुनाव चुने हुए विधान सभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। विधान सभा अध्यक्ष दोनों पक्षों में सामांजस्य बिठाकर सत्र का संचालन करते हैं। उनका मुख्य कार्य कार्यवाही को निष्पक्ष, व्यवस्थित और नियमों के अनुसार संचालित करना है। विधान सभा में विधान सभा अध्यक्ष सदन का सर्वोच्च, संवैधानिक और प्रशासनिक प्रमुख होता है। विधान सभा अध्यक्ष सदन की कार्यसूचि और बहस को निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाता है। वह यह तय करता है कि कौन सा विषय कब चर्चा के लिए लिया जाएगा और सदस्यों को बोलने की अनुमति देता है। सदन में अनुशासनहीनता की स्थिती में अध्यक्ष आवश्यक कार्रवाई भी कर सकता है। इस प्रकार वह सदन की गरिमा और मर्यादा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

संवाद उपरान्त विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र – छात्राओं को आज होने वाली कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया तथा अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी।