नीलोखेड़ी, 24 अगस्त 2026। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक एवं रेल मंत्रालय के हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है।
नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मुल्तानी सभा द्वारा वाटर कूलर लगाने की पहल सराहनीय है। डॉ. चौहान ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।डॉ. चौहान ने सोमवार को नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन मास्टर नरेंद्र ने डॉ. चौहान का स्वागत किया तथा उन्हें स्टेशन की वर्तमान व्यवस्थाओं और यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक सुधारों को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर मुल्तानी सभा के सदस्य सौरभ अरोड़ा, जॉनी मेहता, हेमंत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने भी स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की। सदस्यों ने कहा कि वाटर कूलर की स्थापना से स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और यह मुल्तानी सभा की ओर से जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।