भोरंज 01 सितंबर। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर में खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें 35 स्कूलों के लगभग 370 विद्यार्थी वालीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और शतरंज की स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति, प्रतिभागी बच्चों और टीम प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए रामचंद्र पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का बहुत ज्यादा महत्व होता है, क्योंकि इनके माध्यम से बच्चों में कई ऐसे गुण विकसित होते हैं जो कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में काफी सहायक सिद्ध होते हैं। खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों को नशे जैसी बुराई से भी दूर रखती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़े सुधार किए हैं और इन्हीं सुधारों के कारण ही आज हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में टॉप के राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान शुरू किया है। सभी लोगों, विशेषकर युवाओं को इस अभियान में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
राम चंद्र पठानिया ने कहा कि ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना, सीबीएसई स्कूलों की स्थापना और डॉ वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना जैसी योजनाएं आरंभ करके आम परिवारों के बच्चों के लिए भी बेहतरीन शैक्षणिक सुविधाओं का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि मुंडखर स्कूल में 2.77 लाख रुपए की लागत से बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर मेजबान पाठशाला के प्रधानाचार्य ओंकार देव ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उदघाटन समारोह में एडीपीईओ अश्वनी कुमार, प्रतियोगिता के समन्वयक अशोक शर्मा, सहायक समन्वयक राजीव शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान नरिंतला देवी, बीडीसी सदस्य संतोष कुमारी, जीवन दत्त शर्मा लक्की, मुकेश बन्याल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।