सोलन-दिनांक 31.08.2026
पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई- मनमोहन शर्मा
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय सोलन के सभागार में विकास खण्ड नालागढ़ की 25 पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि इस बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, पंचायत कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई हैं। पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका गांवों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से आहवान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत करने पर भी बल दिया।
उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से आहवान किया कि वे लोगों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर काम करवाए, ताकि लोगों को शीघ्र परियोजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में भी पंचायत प्रतिनिधियों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत में लाइब्रेरी, आंगनबाड़ी, सामुदायिक केन्द्र इत्यादि कार्यों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज एक्ट के तहत प्रदान की गई शक्तियों का प्रयोग कर स्थानिय लोगों के छोटे-मोटे झगड़ों को भी पंचायत स्तर पर ही निपटाना सुनिश्चि करें।
प्रशिक्षण शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा पंचायती राज अधिनियम 1994, हिमाचल प्रदेश पंचायती राज नियम-1997, हिमाचल प्रदेश पंचायती राज वित्त नियम-2002, पंचायती राज व्यवस्था, पंचायतों के कार्य एवं दायित्व, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण शिविर में जिला पंचायत अधिकारी सोलन जोगिन्द्र सिंह राणा, पंचायत निरीक्षक नितेश भाटिया, सेवानिवृत्ति पंचायत निरीक्षक जयचंद कौशल, रमेश शर्मा द्वारा भी पंचायती राज से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।