पच्छाद और नाहन में पंचायती राज जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मिले जय राम ठाकुर, भाजपा की जीत के लिए एकजुट होकर जुटने का किया आह्वान

पंचायती राज चुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकारा, अब विधानसभा चुनाव में जी आन से जूते कार्यकर्ता जय राम ठाकुर


सिरमौर : सराहां/नाहन : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह तथा नाहन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पंचायती राज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया।

जय राम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और स्नेह लगातार कायम है। पूरे प्रदेश की तरह पच्छाद और सिरमौर की जनता ने भी भाजपा के पक्ष में भरपूर जनादेश दिया है। यह जनादेश विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले से समझ चुके थे कि यदि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर हुए तो कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण चुनावों को टालने और रोकने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए गए। भाजपा ने पंचायती राज और स्थानीय निकायों के चुनाव समय पर करवाने के लिए उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी। आखिरकार चुनाव हुए और जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से अपना मन स्पष्ट कर दिया। नाहन में जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे उस समय बिजली चली गई तब उन्होंने सुक्खू सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि हमारी जनसभाओं में बिजली कटवाना व्यवस्था परिवर्तन का ही एक हिस्सा है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि पंचायत के चुनाव पांच वर्ष के लिए होते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता जीवनभर संगठन के साथ जुड़ा रहता है। इसलिए पंचायती राज चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके सभी कार्यकर्ता, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और संगठन के साथी एकजुट होकर आगे की लड़ाई के लिए पूरी ताकत से काम करें। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने पंचायती राज चुनावों में देरी करवाने से लेकर राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश की जनता ने चुनाव में अपने जनादेश से इसका जवाब दिया है। पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पच्छाद और नाहन सहित पूरे सिरमौर के नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और अपने क्षेत्रों के विकास को नई गति देंगे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी मिलकर कार्य करें तथा प्रदेश में भाजपा की मजबूत सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी निष्ठा और एकजुटता से आगे बढ़ें। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शिमला सांसद सुरेश कश्यप, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, जिला सिरमौर, पच्छाद एवं नाहन विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
===========================================

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर किशाऊ डैम की राह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में हुई आसान : जयराम ठाकुर

सिरमौर /पच्छाद विधानसभा क्षेत्र : जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहाँ में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब देश कुशल और मजबूत नेतृत्व के हाथों में होता है तो न सिर्फ अतीत के विवाद निपटते हैं बल्कि भविष्य की राह भी आसान होती है। हिमाचल प्रदेश के लिए अति महत्वाकांक्षी किशाऊ बाँध परियोजना भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व एवं सूझबूझ का नमूना है।उनकी वजह से यह किशाऊ बांध बनने की राह आसान है। वर्ष 1940 में देखे गए इस सपने को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकारों द्वारा दिखाई गई प्रतिबद्धता विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का परिचायक है। परियोजना की लागत का 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि केवल 10 प्रतिशत हिस्सा संबंधित राज्यों को मिलकर देना होगा। यह परियोजना हिमाचल सहित संबंधित राज्यों की ऊर्जा, सिंचाई और पेयजल जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात की है कि मुख्यमंत्री खुद की पीठ थपथपाए जा रहे हैं जबकि सारे प्रयास केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जल संसाधन मंत्री सीआर पाटील ने किए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ने किए।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में दशकों से चले आ रहे 10 जल विवादों को सुलझाने में सफलता मिली है। किशाऊ डैम भी केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहमति का उदाहरण है। इसके निर्माण से न सिर्फ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी बल्कि पेयजल संकट से निपटने में सहायता मिलेगी।
====================================================

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर "शी हाट" मातृशक्ति के हुनर को बाजार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रहा है : जयराम ठाकुर

सिरमौर : अपने सिरमौर प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित ‘शी हाट’ का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘शी हाट’ हिमाचल की मातृशक्ति के हुनर और मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को बाजार से जोड़कर प्रदेश की आर्थिकी को नए आयाम दे रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में किए जा रहे ऐसे प्रयास आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। ‘शी हाट’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को सशक्त करने का सराहनीय माध्यम है।

जयराम ठाकुर ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से भी अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और इस तरह के कार्यों से जुड़ी महिलाओं, व्यक्तियों, संस्थाओं एवं स्वयं सहायता समूहों का भरपूर उत्साहवर्धन करें, ताकि स्थानीय हुनर और उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।