सोलन -18.09.2026-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के अति गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। डॉ. शांडिल आज यहां खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय कण्डाघाट में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना में नए लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कोई भी परिवार अभाव में न रहे और हर व्यक्ति सम्मान एवं गरिमा के साथ अपने जीवन का निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दृढ़ संकल्प लिया है कि जिन जरूरतमंद परिवारों को बी.पी.एल. श्रेणी में लाया गया है उन सभी परिवारों को मेरा परिवार, सुखी परिवार अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। इस तरह अब तक कण्डाघाट विकास खण्ड में 798 तथा सोलन विकास खंड के 713 परिवारों को अपना परिवार सुखी परिवार से जोड़ा जा चुका है तथा अभी प्रक्रिया निरंतर जारी है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि इन सभी पात्र परिवारों को हिमकेयर, सहारा योजना, स्वरोजगार के साधन, आवास सहायता, सस्ता राशन, 300 यूनिट निःशुल्क बिजली, पात्र महिलाओं को 1500 रुपए मासिक और समय पर पेंशन जैसी सुविधाओं की पक्की सुरक्षा लगभग प्रदेश के दो लाख अति निर्धन लोगों को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पात्र परिवार 20 सितंबर 2026 तक अधिकृत कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और इनके निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर ने अवगत करते हुए कहा कि बेसहारा, वृद्धजन, विधवा, तलाकशुदा, विकलांग, गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोग तथा जिन परिवारों की वार्षिक आय 75 हजार रुपए या इससे कम हो, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लोग विकलांगता प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की प्रति तथा स्व घोषणा पत्र प्रस्तुत कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
खंड विकास अधिकारी कण्डाघाट ओमप्रकाश शर्मा ने इससे पूर्व मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित ठाकुर, कण्डाघाट पंचायत समिति की अध्यक्ष इंदिरा चौहान, उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी कण्डाघाट रक्षा देवी, तहसील कल्याण अधिकारी भूपाल भरत सहित अपना परिवार सुखी परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।