चंडीगढ़, 17 सितंबर 2026:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज चंडीगढ़ में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ये सभी कार्यक्रम भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा जी के नेतृत्व में आयोजित हुए। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्षों के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा के माध्यम से पहुंचाना है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिन की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे जनरल हॉस्पिटल, सेक्टर 16 में नवजात शिशु देखभाल सामग्री वितरण कार्यक्रम से हुई। इस अवसर पर नवजात शिशुओं की माताओं को बेबी डायपर पैंट्स एवं बेबी केयर किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. सुमन सिंह, डिप्टी मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. परमजीत सिंह, डॉ. सद्भावना, भाजपा मेडिकल सेल के प्रदेश अध्यक्ष ललित तकियार , मेडिकल सेल के इंचार्ज डॉ. संजीव भाटिया, स्टेट मीडिया प्रभारी रवि रावत, जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सोनू सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे मेडिकल कॉलेज, सेक्टर 32 में भी नवजात शिशुओं की माताओं के लिए सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला प्रधान रविंद्र मलिक एवं मंडल प्रधान रिचा वर्मा उपस्थित रहे। यहां भी नवजात शिशुओं की माताओं को बेबी डायपर पैंट्स एवं बेबी केयर किट वितरित कर मातृ एवं शिशु देखभाल के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
इसी कड़ी में भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सतपाल वर्मा द्वारा मार्बल मार्केट में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान कुल 90 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान शिविर ने समाज में ‘रक्तदान—महादान’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
ओबीसी मोर्चा द्वारा सेक्टर 15 स्थित सीनियर सिटिजन होम में भी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ नागरिकों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर वृद्धजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर उन्हें अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। वरिष्ठ नागरिकों का यह स्नेह और आशीर्वाद सेवा संकल्प अभियान की भावनात्मक शक्ति का प्रतीक बना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर चंडीगढ़ के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत कला ग्राम सेक्टर 13, रेलवे स्टेशन सेक्टर 13, पीजीआई न्यू ब्लॉक सेक्टर 12, बर्ड पार्क सेक्टर 6, स्टूडेंट हॉस्टल कॉमर्स कॉलेज सेक्टर 50, हॉकी स्टेडियम सेक्टर 42, सेक्टर 17 प्लाजा, कमांड कंट्रोल सेंटर सेक्टर 17, एयर फोर्स हेरिटेज सेंटर सेक्टर 18, भाजपा कार्यालय कमलम सेक्टर 33, पंजाब यूनिवर्सिटी कन्वेंशन सेंटर सेक्टर 25 तथा क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर 16 सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दीये जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
सेक्टर 17 प्लाजा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया गया। यहां आकर्षक एवं सुंदर रंगोली की भव्य सजावट के साथ बड़ी संख्या में आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी और रंगोली की मनमोहक छटा से पूरा सेक्टर 17 प्लाजा उत्सवमय नजर आया। प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने सेक्टर 17 प्लाजा पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की तथा अपने स्नेह और आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन कमांड कंट्रोल सेंटर, सेक्टर 17 में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और कार्यकर्ताओं के साथ आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद जी ने बर्ड पार्क, सेक्टर 6 में सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किया गया। शहर के सभी बूथों पर लाभार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति अपना स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद व्यक्त किया। बूथ स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन और समाज के बीच आत्मीय जुड़ाव को और मजबूत किया।
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का दिन है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।