खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त

जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


ऊना, 18 सितंबर. उपायुक्त जतिन लाल ने जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य पदार्थों के अधिक से अधिक नमूने लेने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य व्यवसाय संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

उपायुक्त शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिले में खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अब तक की गई प्रवर्तन गतिविधियों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 498 फूड लाइसेंस ऑपरेटर सक्रिय हैं, जबकि 5,402 फूड बिजनेस ऑपरेटर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के तहत पंजीकृत हैं।

जनवरी से सितंबर 2026 तक जिले में 187 नए खाद्य लाइसेंस जारी किए गए, जिनसे 1 लाख 72 हजार रुपये शुल्क प्राप्त हुआ। इसी अवधि में 1,432 खाद्य व्यवसाय संचालकों का पंजीकरण किया गया, जिससे 8 लाख 67 हजार 100 रुपये पंजीकरण शुल्क के रूप में एकत्रित हुआ। खाद्य व्यवसाय संचालकों की सुविधा के लिए लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन भी उपलब्ध है, ताकि वे आसानी से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकें।

वर्ष 2026 में अब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जिले में 101 खाद्य नमूने एकत्रित किए गए हैं, जिनमें से 76 नमूनों का प्रयोगशाला में परीक्षण किया जा चुका है। परीक्षण में 13 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इनमें एक नमूना असुरक्षित, 9 नमूने गलत ब्रांडिंग तथा 3 नमूने अवमानक पाए गए, जबकि 63 नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से संबंधित 19 मामलों में कुल 2 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के बारे में खाद्य व्यवसाय संचालकों तथा आम जनता को जागरूक करने के लिए निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जगदीश धीमान, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) राजीव शर्मा, हेल्थ एजुकेटर गोपाल कृष्ण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

==============================================

राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
भाषा एवं संस्कृति विभाग हिन्दी के संरक्षण एवं संवर्धन में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका
ऊना, 18 सितंबर. भाषा एवं संस्कृति विभाग ऊना द्वारा राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा के अवसर पर लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम ने बताया कि इस दौरान विद्यालय स्तर पर भाषण, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें जिला ऊना के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘जनभाषा और राजभाषा के रूप में हिन्दी की दशा और दिशा’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में आर्यन मॉडल विद्यालय बंगाणा की छात्रा खुशी ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा के छात्र पियूष राणा ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर की छात्रा दृष्टि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनाहल के छात्र प्रियांशु तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलरुही की छात्रा जसव्रीत ठाकुर चतुर्थ स्थान पर रहे।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता और हिन्दी का भविष्य’ विषय पर निबंध लिखे। इसमें आर्यन मॉडल विद्यालय बंगाणा की छात्रा राधिका ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मरवाड़ी की छात्रा सोनाली राणा ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समूरकलां की छात्रा रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च विद्यालय जनकौर की छात्रा पायल सैनी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोह की छात्रा निधि चतुर्थ स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठठ्ठल की छात्रा शगुन शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना-2 की छात्रा हेमापुरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलरुही की छात्रा मनुबाला तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाई की छात्रा पलक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चताड़ा की छात्रा पलक धीमान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समूरकलां की छात्रा दीक्षा शर्मा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर चौक की छात्रा खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुबारकपुर की छात्रा पलक तथा आर्यन मॉडल विद्यालय बंगाणा की छात्रा अनुष्का राणा चतुर्थ स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय से डॉ. शाकुन्तला देवी राणा, राजकीय कन्या महाविद्यालय ऊना से डॉ. ओंकार सिंह, राजकीय महाविद्यालय ऊना से सुश्री श्रेयसी, राजकीय महाविद्यालय धनेटा से डॉ. प्रीतम चंद तथा राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर से सेवानिवृत्त डॉ. प्रकाश चंद ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला ऊना के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला भाषा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों एवं शिक्षकों का धन्यवाद किया। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।