बड़सर 16 अक्तूबर। एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर की निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां मिनी सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में बूथ अधिकारियों (बीएलओ) एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीएम ने बीएलओ ऐप पर फॉर्म-6, 7 और 8 को अपलोड करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार करने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करें और सभी पात्र लोगों के नाम इन मतदाता सूचियों में शामिल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ सभी बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस प्रशिक्षण सत्र में चुनाव कार्यालय की ओर से राज कुमार, प्रवीण संबयाल और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।