हमीरपुर 23 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति ने शुक्रवार को यहां हमीर भवन में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करके विभिन्न विभागों, बोर्डों-निगमों, संस्थानों और शहरी निकायों की आय-व्यय, ऑडिट पैरा और कई अन्य महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में समिति के सभापति विधायक संजय रत्न, समिति के सदस्य विधायकों कुलदीप सिंह राठौर, इंद्र दत्त लखनपाल, मलेंद्र राजन और विवेक शर्मा के अलावा विधायक सुरेश कुमार ने भी भाग लेकर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
इस अवसर पर समिति के सभापति संजय रत्न ने संबंधित अधिकारियों को सभी ऑडिट पैरा को समायोजित करवाने के लिए त्वरित कदम उठाने तथा 31 दिसंबर तक इनसे संबंधित विस्तृत रिपोर्ट समिति को प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी 31 मार्च तक इनका समायोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 से पहले के सभी छोटे-छोटे ऑडिट पैरा को समाप्त करने के लिए अधिकारी आवश्यक प्रक्रिया अतिशीघ्र पूरी करें।
संजय रत्न ने कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से करने और इनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी समर्पण भाव, तत्परता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा की इस अति महत्वपूर्ण समिति के विभिन्न जिलों के प्रवास का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी एवं समीक्षा करना तथा सरकारी तंत्र में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना है। इसलिए, सभी अधिकारी समिति की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
सभापति एवं समिति के अन्य सदस्यों ने शिक्षण संस्थानों में स्टूडेंट फंड की राशि केवल विद्यार्थियों से संबंधित गतिविधियों पर ही खर्च करने, शहरी निकायों में गृह कर, कचरा एकत्रीकरण शुल्क और दुकानों इत्यादि के किराये की वसूली के लिए प्रभावी प्रक्रिया अपनाने, एपीएमसी की आय-व्यय, लघु बचत एवं ई-गवर्नेंस की राशि के व्यय और अन्य वित्तीय मामलों के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से इन सभी मुद्दों से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तलब की। विधानसभा के उप सचिव ने विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की ओर से प्राप्त रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभापति और अन्य सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा समिति की ओर से दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की जिला में अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। एडीसी अभिषेक गर्ग ने सभी आभार व्यक्त किया।
बैठक में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्ष, एसडीएम, बीडीओ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।