बिलासपुर, 23 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश के कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा देते हुए 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने की घोषणा की है। सरकार के इस निर्णय से जिला बिलासपुर के हजारों कर्मचारियों ने भी खुशी जाहिर करते हुए इस तोहफे के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
जिला बिलासपुर लिपिक वर्ग कर्मचारी महासंघ के प्रधान प्रशांत ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि कर्मचारियों के हित में यह अहम निर्णय लेकर उन्होंने साबित किया है कि वह हमेशा कर्मचारियों के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी इसी तरह कर्मचारियों के हित में निर्णय लेते रहेंगे।
इसी तरह, उपायुक्त कार्यालय महासंघ जिला बिलासपुर के प्रधान संदीप ठाकुर ने भी दीपावली के शुभ अवसर पर कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लेते रहेंगे।
जिला के विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों ने भी मुख्यमंत्री के इस अहम निर्णय का स्वागत किया है। इसी तरह, जिला के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते के अतिरिक्त 10 हजार रुपये पे-एरियर देने की घोषणा का भी स्वागत किया है।
इसी प्रकार, हिमाचल प्रदेश पेंशनर वेलफेयर महासंघ के राज्य महासचिव हुक्म ठाकुर, जिला अध्यक्ष जगदीश नरेश तथा राज्य मीडिया प्रभारी कुलदीप गुलेरिया ने भी प्रदेश के पेंशनरों को 5 प्रतिशत महंगाई राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है।