ऊना, 23 अक्तूबर. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने त्योहारी सीजन में प्रदेश के कर्मचारियों को सौगात दी है। मुख्यमंत्री की ओर से महंगाई भत्ते (डीए) में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये देने की घोषणा का ऊना जिले के कर्मचारी वर्ग ने स्वागत किया है। कर्मचारियों ने इन घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई के दौर में डीए बढ़ने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। वहीं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी उनके लिए राहत लेकर आई है। त्योहारों से पहले मुख्यमंत्री की ओर से की गई इन घोषणाओं से कर्मचारी वर्ग में खुशी है।

कर्मचारी हित में फैसले का स्वागत
उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी महासंघ ऊना के अध्यक्ष अशोक कुमार और महासचिव गगन जसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से डीए में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि विकट आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद सरकार ने कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखा है। इसके लिए कर्मचारी वर्ग मुख्यमंत्री का आभारी है।

ऊना में टीजीटी हिंदी के पद पर कार्यरत अंजना कुमारी, टीजीटी आर्ट्स जसवीर कौर और टीजीटी साइंस अनु जसवाल ने भी घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों से पहले मिली इस सौगात से कर्मचारियों में खुशी है। महंगाई के बीच डीए में बढ़ोतरी से आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

*चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में खुशी की लहर
ऊना में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमराज ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये देने की घोषणा उनके वर्ग के लिए खुशी की बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी कर्मचारी हितों को इसी तरह प्राथमिकता देती रहेगी।
-०-