बिझड़ी 23 अक्तूबर। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने शुक्रवार को बाबा बालकनाथ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चकमोह की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेकर एनएसएस वॉलंटियरों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनएसएस की गतिविधियों से युवाओं में सेवा, समर्पण, सदभाव और कई अन्य मानवीय गुणों का विकास होता है, जिससे वे समाज और देश के लिए किसी न किसी रूप में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं। आज के दौर में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि इस बुराई के उन्मूलन के लिए प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं को आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशे को पूरी तरह खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों मंे एंटी चिट्टा वॉकथॉन जैसे बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए हैं, जिनमें हजारों लोगों ने भाग लेकर मुख्यमंत्री की इस मुहिम को एक जन आंदोलन का रूप दिया है।
नरेश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ बहुत ही सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों की पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं।
नरेश ठाकुर ने कहा कि किन्हीं कारणों से नशे के जाल में फंस चुके लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए राज्य नशा निवारण बोर्ड प्रदेश में संचालित किए जा रहे नशा उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण कर रहा है तथा इनमें किए गए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा कर रहा है, ताकि ऐसे लोगों को नशे के दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जा सके।
इस अवसर पर नशा निवारण बोर्ड के सदस्य रूबल ठाकुर ने भी अपने विचार रखे तथा एनएसएस वॉलंटियरों से नशा निवारण अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की। इससे पहले, प्रधानाचार्य संजीव कुमार सोहारू, एनएसएस प्रभारी सुरेश कुमार, सुकर्मा देवी, कमल कुमार और अन्य शिक्षकों ने नरेश ठाकुर और रूबल ठाकुर का स्वागत किया तथा शिविर की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।