चंडीगढ़, 31 अक्टूबर। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को एशियन और पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान व्यवस्थाओं में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। स्कूली बच्चों को भीड़ जुटाने के लिए बुलाया गया और बच्चों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ा। कार्यक्रम स्थल पर उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खिलाड़ियों और लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। दिग्विजय चौटाला ने मुख्यमंत्री द्वारा स्टेडियम के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए देने की घोषणा को बेहद कम बताया और कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा में खेल को बढ़ावा देने के लिए गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों का उचित सम्मान तभी माना जाता जब कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन गुजरात की बजाय हरियाणा में होता। दिग्विजय ने कहा कि असलियत ये है कि भाजपा सरकार की सोच केवल गुजरात तक सीमित है। शनिवार को दिग्विजय चौटाला छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाले जेजेपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम का न्योता देना भिवानी पहुंचे थे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा कभी प्रदेश के लोगों का भला नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि आज फिर से लोग पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की तरफ देखने लगे हैं, जिन्होंने अपनी साफ राजनीति से कल्याणकारी योजनाओं को अमली जामा पहनाया था। दिग्विजय ने कहा कि हरियाणा एक बार फिर से दुष्यंत चौटाला में अपना भविष्य देखने लगा है और लोग दुष्यंत चौटाला के जनहितैषी फैसलों को याद कर रहे है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार से तंग आकर देश और प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि छह दिसंबर को जेजेपी महेंद्रगढ़ में 9वां स्थापना दिवस मनाएगी, जो कि ऐतिहासिक होगा।