चण्डीगढ़, 20.11.26- : चण्डीगढ़ नगर निगम चुनाव के मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पुराने नेताओं में पार्टी की कथित अनदेखी से नाराजगी बढ़ती जा रही है। चुनावी दौर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट एएस गुजराल के कांग्रेस छोड़ देने और पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर भूपिंदर सिंह बड़हेरी के सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेने के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजीव मेमोरियल सोसाइटी के अध्यक्ष राज नागपाल ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाते हुए चेतावनीभरे अंदाज में कहा कि अभी तो सिर्फ पटाखे चले हैं, पुराने नेताओं के साथ ऐसा ही बर्ताव रहा तो अब पार्टी में असंतोष का बम फूटेगा।

राज नागपाल ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस में पुराने और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा का ऐसा आलम कभी नहीं रहा। सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की चंद ऐसे लोगों से घिर गए हैं, जिनका शहर तो क्या, अपने वार्ड में भी कोई जनाधार नहीं है। वो पार्टी के लिए दस लोग भी इकट्ठे नहीं कर सकते, सिर्फ नेताओं की चाटुकारिता कर सकते हैं। नागपाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिन पुराने नेताओं ने पार्टी हित को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस को जीत की स्थिति में खड़ा करने में भूमिका निभाई, आज मनीष तिवारी उनका फोन तक नहीं उठाते। चाटुकारों की टोली ने तिवारी और लक्की तक पुराने नेताओं की पहुंच तो पहले ही रोक रखी है। अब पार्टी के महत्वपूर्ण फैसले भी तिवारी और लक्की इन्हीं लोगों के प्रभाव में कर रहे हैं।