चंबा, 28 नवंबर-सदर विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विधायक आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियां में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश को इस मुकाम तक पहुंचाने में पूर्ववर्ती सरकारों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व विधायक नीरज नैय्यर पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में भी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालय में 3 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से टिंकरिंग प्रयोगशाला का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने विद्यालय में जीव विज्ञान की कक्षाएं शुरू करवाने तथा अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण एवं खेल मैदान के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
विधायक ने सरोल विद्यालय के लिए अलग संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु 1.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने दोनों विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने चंबा की बेटी सीमा की एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीमा की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 1 करोड़ 98 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मैदान में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लगभग 40 लाख रुपये की लागत से तीन क्रिकेट पिचें तैयार की गई हैं तथा उदयपुर में भी खेल मैदान विकसित किया गया है।
विधायक ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्यों एवं अभिभावकों को वार्षिक समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक वर्ग, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।