ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्यान्वित योजनाओं बारे समीक्षा बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता

चंबा, 28 नवंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग द्वारा जिले में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना, विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), जल संचय जन भागीदारी–कैच द रेन, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति तथा लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में निर्माणाधीन आवासों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को अगली किस्त समयबद्ध तरीके से जारी की जाए, ताकि आवास निर्माण कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के आवास निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्माण की प्रगति के आधार पर आवश्यकता अनुसार अगली किस्त जारी करने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत लाभार्थियों की आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार सभी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा। उन्होंने बताया की जिले कि कुछ चयनित पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, उन्होंने अधिकारियों को कचरा संग्रहण एवं निस्तारण का नियमित रिकॉर्ड तथा पंचायतवार अद्यतन आंकड़ों का संधारण सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले विभिन्न समारोहों एवं आयोजनों में डिस्पोजेबल प्लेटों के स्थान पर पारंपरिक पत्तलों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा सभी निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
बैठक में खंड विकास अधिकारी भरमौर, तीसा,पांगी एवं भटियात तथा सलूणी के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर, डॉ. बशीर खान , जिला विकास कार्यालय से अर्थशास्त्री विनोद कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
======================================
लंबित राजस्व मामलों का त्वरित समाधान बनाया जाए सुनिश्चित–उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
विशेष राजस्व लोक अदालत के तहत प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित
चंबा, 28 नवंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिला के सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों के त्वरित समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छह माह तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी मामलों का निस्तारण आगामी 31 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विशेष राजस्व लोक अदालत के तहत विभिन्न राजस्व मामलों के समाधान की प्रगति की समीक्षा को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह में अब तक जिला में 74 तक्सीम (पार्टीशन), 67 सीमांकन (डीमार्केशन) तथा 46 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती से संबंधित मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
उपायुक्त ने एसडीएम, तहसील एवं उपतहसील स्तर पर राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारित मामलों का विवरण आरएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा इनके निपटारे में अनावश्यक विलंब न होने दें।
बैठक में अतिक्रमण से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर उनका समाधान सुनिश्चित बनाने को कहा।
इस दौरान लेखा परीक्षा टिप्पणियों, ई-डिस्ट्रिक्ट से संबंधित लंबित मामलों, लंबित राहत मामलों सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर लंबित मामलों की नियमित निगरानी करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं।
बैठक में जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह सहित विभिन्न उपमंडलों के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।