भगेड़ (बिलासपुर) 29 नवंबर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में क्षेत्र के लगभग 12 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य निशा शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों तथा उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को प्रत्येक दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रहकर एक ऑलराउंडर बनने का प्रयास करना चाहिए, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बच्चों को अच्छे स्वास्थ्य, संतुलित खान-पान, खेलकूद और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन किसी भी व्यक्ति के भविष्य की नींव होता है और यदि इस समय का सदुपयोग किया जाए तो जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
मंत्री ने कहा कि भगेड़ क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में उभर रहा है। भगेड़ से होकर गुजरने वाले फोरलेन मार्ग के माध्यम से कुल्लू-मनाली सहित प्रदेश के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले पर्यटकों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन परिसर विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि गोबिंद सागर झील के आसपास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पर्यटन मॉडल विकसित किए जाएंगे। गोबिंद सागर झील के आसपास का क्षेत्र कृषि की दृष्टि से भी काफी उपजाऊ है तथा किसानों को सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भाखड़ा बांध के निर्माण तथा देश में औद्योगिक एवं कृषि विकास में इसके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्राकृतिक एवं पर्यटन संपदा का बेहतर उपयोग स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक होगा।
राजेश धर्माणी ने कहा कि भगेड़ को एक प्रमुख जंक्शन के रूप में विकसित करने के लिए यहां आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री परिसर, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने भगेड़ में शौचालय निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में रेस्ट सेक्टर विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, ताकि फोरलेन से गुजरने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने स्कूल में कबड्डी खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्कूल भवन की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये तथा हिमुडा के माध्यम से विकासात्मक कार्यों के लिए लगभग 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। फोरलेन के किनारे खाद्य पदार्थों एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए पहले एक वाहन उपलब्ध करवाया गया है। अब इसके अतिरिक्त तीन और वाहन महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकेंगी तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध होगा।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनोह, राजकीय माध्यमिक पाठशाला बल्लू खरयाला एवं रोहिणी सहित राजकीय प्राथमिक पाठशाला पेहड़वीं, पनोह, भगेड़, नाल्टी, फटोह, बल्लू खरयाला, बल्लू बाणी तथा राइयां के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।