मरम्मत कार्य के चलते 5 अप्रैल को साईगलू उप-मण्डल के अनेक क्षेत्रों में बिजली रहेगी बंद
मंडी, 4 अप्रैल। 33/22 केवी विद्युत उपकेन्द्र साईगलू में आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्गठन कार्य के चलते 5 अप्रैल को विद्युत उप-मण्डल साईगलू के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस दौरान अनुभाग साईगलू, गोखड़ा, बीर, कोटली, भरगांव तथा कड़कोह के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र साईगलू, कसाण, सदयाणा, साई, पपराहल, धडयाना, बग्गी, गोखड़ा, बटाहर, सेहली, लोट, तल्याहड़, रन्धाडा, पधियूँ, तांदी, पतरोण, बीर, लाग, सदोह, तरनोह, धन्यारी, बरयारा, कोटली, समराहण, ढंढाल, सुरारी, सैण, भरगांव, अलग, कोट, कून, डवाहण, कड़कोह, लागधार, सताहन व खलाणू आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
सहायक अभियन्ता साईगलू विनीत ठाकुर ने बताया कि विद्युत प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए यह कार्य आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
===========================================
सोलन-दिनांक 04.04.2026
निविदाएं आमंत्रित
ज़िला सोलन में वर्ष 2026-28 के लिए खाद्यान्नों के मज़दूरी कार्य के लिए दरें ऑनलाइन निविदाओं के माध्यम से निर्धारित की जाएंगी। यह जानकारी ज़िला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सोलन श्रवण कुमार हिमालयन ने दी।
श्रवण कुमार हिमालयन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम सोलन के समस्त थोक गोदामों में खाद्यान्नों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के मज़दूरी कार्य के लिए ऑनलाइन निविदाएं 20 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे तक आमंत्रित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि यह निविदाएं 20 अप्रैल, 2026 को दोपहर 02.00 बजे उपायुक्त व उनके प्रतिनिधि के समक्ष खोली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इच्छुक निविदादाता etender.hp वेबसाइट पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निविदा की शर्ते वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के थोक गोदामों में मज़दूरी कार्य के लिए प्रति आवेदन 100 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है।
श्रवण कुमार हिमालयन ने कहा कि आवेदक अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क कर सकते है।
========================================
लड़कियों को कैंसर से बचाने के लिए हजारों का टीका मुफ्त में लगा रही है सरकार
हमीरपुर में शनिवार को 195 लड़कियों की हुई वैक्सीनेशन, रविवार को भी 32 अस्पतालों में लगेंगे टीके
हमीरपुर 04 अप्रैल। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव के लिए सरकार 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका बिलकुल मुफ्त लगा रही है। प्राइवेट अस्पतालों मंे एचपीवी का टीका आम तौर पर दस हजार रुपये से भी अधिक कीमत पर उपलब्ध होता है, लेकिन सरकार लड़कियों को सुरक्षा चक्र प्रदान करने तथा उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए यह टीका मुफ्त लगा रही है।
प्रदेश भर में 29 मार्च से आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष तक की सभी लड़कियों को यह टीका लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिला हमीरपुर में पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी लड़कियों के नाम यू-विन पोर्टल पर पंजीकृत करके जिले भर के कुल 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीनेशन की व्यवस्था की है।
इन अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर 29 मार्च को आयोजित टीकाकरण सत्रों के दौरान कुल 206 लड़कियों का टीकाकरण किया गया। शनिवार को भी जिला हमीरपुर में 26 टीकाकरण केंद्रों पर 195 लड़कियों को एचपीवी के टीके लगाए गए। यानि जिला हमीरपुर में अभी तक 401 लड़कियों की एचपीवी वैक्सीनेशन हो चुकी है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि 5 अप्रैल को भी जिले के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में टीके लगाए जाएंगे।
महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्वाइकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है।
इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है।