हिसार, 06.04.26-- व्यापारियों की मीटिंग हांसी अनाज मंडी में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हरियाणा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राम अवतार तायल के देख-रेख में हुई। जिसमें व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग से व्यापारी व किसानों को अनाज खरीद में आ रही समस्या पर बातचीत हुई।
हरियाणा प्रदेश के व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने अनाज मंडी में अनाज खरीद का जायजा लेने के उपरांत संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री की ज़िद के कारण प्रदेश का किसान व आढ़ती दुखी है जबकि सरकार द्वारा ट्रैक्टर की वेरिफिकेशन, बायोमेट्रिक, तीन गारंटर का नियम बनाना किसान व आढ़ती विरोधी है। नए नियम से किसान व आढ़तियों को बड़ी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश का किसान व मंडियां बर्बाद हो रही है। सरकार की तरफ से अनाज खरीद के लिए मंडियों में मूलभूत सुविधा तक नहीं है। भारी बारिश के कारण भारी मात्रा मे गेहूं व सरसों मंडी में भीग गई हैं जबकि सरकार हर साल घटती के नाम पर आढ़तियों का लाखों रुपए काट लेती है जो सरासर गलत है। सरकार द्वारा गेहूं की खरीद करने पर गेहूं सरकारी एजेंसी की हो जाती हैं ऐसे में गेहूं खरीद में घटती होने पर पैसे सरकारी खरीद एजेंसी के अधिकारी या ठेकेदार से रिकवरी करनी चाहिए। बजरंग गर्ग ने कहा कि हर अनाज खरीद पर आढ़तियों को पहले की तरह 2.5 प्रतिशत कमीशन मिलना चाहिए। गेहूं पर कमिशन 64 रुपए 62 पैसे प्रति क्विंटल बनता है जबकि सरकार गेहूं पर 55 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन दे रही है। इसी प्रकार सरकार गेहूं, धान, सरसों आदि अनेकों फसलों पर कमीशन कम दे रही है जबकि कपास पर तो कोई कमीशन तक नहीं दे रही जो सरासर गलत है। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को गेहूं खरीद, उठान व भुगतान 72 घंटे के अंदर-अंदर करना चाहिए लेकिन आढ़तियों का कमीशन व पल्लेदारों की मजदूरी कई महीनों बाद मिलती है। बजरंग गर्ग ने सरकार से मांग की है कि गेहूं खरीद पर किसान को 500 रुपए प्रति क्विंटल देना चाहिए ताकि किसान अच्छे ढंग से अपना काम चला सके।
इस अवसर पर हरियाणा अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान राम अवतार तायल, व्यापार मंडल प्रधान बजरंग बंसल, उप प्रधान कैलाश बंसल, महासचिव राजीव शर्मा, हरिकेश सिंगला, राजेश लंम्बा, योगेश मून्जाल, राजेश सिंगल, मनोज गोयल, बलजीत पंघाल, राजेश मलिक, भीम गोदारा, विनोद मोदी, बृजमोहन नैन, जस्सी भकड, सुरेश शरन, मंडी पूर्व प्रधान वेद प्रकाश नगूरा, रविंद्र मलिक, संजय गर्ग, वेद मित्तल, रोशन लाल,सुनील पानू, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल, प्रदेश सहसचिव निरंजन गोयल आदि व्यापारी प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखें ।