चण्डीगढ़, 09.03.25- : बंगिया सांस्कृतिक सम्मिलनी, सेक्टर 35 की महिला शाखा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। महिला शाखा की सचिव श्रीमती गोपा दास ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने इस दिन को केवल उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों, गरिमा और समानता को मान्यता देने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि परिवार से लेकर कार्यस्थल, विज्ञान से लेकर साहित्य, राजनीति से लेकर खेल जगत तक, हर क्षेत्र में महिलाओं का योगदान अविस्मरणीय है। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, कौशल और मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में प्रगति की है। हालांकि, महिलाओं की यह प्रगति आसान नहीं रही। समय के साथ बदलाव जरूर आया है, लेकिन आज महिलाएं पहले से अधिक सशक्त हैं और समाज में अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।
महिला दिवस सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके समान अधिकारों को सुनिश्चित करने के प्रति हमारी रोज़ की प्रतिबद्धता है। समाज में महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और समग्र विकास के लिए हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।
इस अवसर पर महिला शाखा ने एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुश्री सुष्मिता चटर्जी के 'समाज में महिलाओं के महत्व' पर गीत से हुई। इसके बाद काजोल, संपति और नीलांजना ने कविता पाठ किया। रेनू और श्रीपर्णा ने प्रेरणादायक भाषण दिए। कराबी ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि भास्वती, बसुधा, मोनालिसा और रेशमी ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मौसुमी चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक रैंप वॉक भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने अलग-अलग अंदाज में साड़ी पहनकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।