विशेष राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से सरकार ने निपटाए 4.62 लाख मामले: राजेश धर्माणी
घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान नगर व ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
किक बाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
घुमारवीं (बिलासपुर), 11 फरवरी: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार तहसील और उप-तहसील स्तर पर विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन कर प्रदेश भर में दिसंबर, 2025 तक लगभग 4.62 लाख राजस्व मामलों का निपटारा किया है। राजेश धर्माणी ने आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल से प्रदेश के भूमि मालिकों को बड़ी राहत मिली है तथा वर्षों से लंबित मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इन विशेष राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से प्रदेश स्तर पर अक्तूबर, 2023 से दिसंबर, 2025 तक लगभग 3.85 लाख इंतकाल, 24 हजार तकसीम, 42 हजार निशानदेही तथा लगभग 12 हजार राजस्व त्रुटियों के मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इसी तरह जिला बिलासपुर में भी इसी अवधि के दौरान 18 हजार 684 इंतकाल, 1 हजार 235 तकसीम, 2 हजार 190 निशानदेही तथा 478 राजस्व दुरुस्ती मामलों का निपटारा किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत प्रत्येक माह के आखिरी दो दिन तहसील और उप-तहसील स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जिससे लोगों को राजस्व संबंधी मामलों के निपटारे में सुविधा मिल रही है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। जनसमस्याओं का घर-द्वार निपटारा सुनिश्चित बनाने को प्रदेश सरकार द्वारा ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में न केवल जन समस्याओं को सुना जाता है बल्कि समयबद्ध निपटारे को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस मौके पर उन्होंने जन समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर निपटारा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये।
किक बाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
इस मौके पर किकबाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर ने तकनीकी शिक्षा मंत्री से भेंट की। राजेश धर्माणी ने किक बॉक्सिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए जिला के देलग गांव निवासी अखिल ठाकुर को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उम्मीद जताई की वह भविष्य में भी इसी तरह प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।
अखिल ठाकुर ने 5वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए 94 किलोग्राम भार वर्ग की किक लाइट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। अखिल ठाकुर की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी वह एशिया में स्वर्ण पदक, वर्ल्ड कप में रजत पदक तथा अब तक 8 अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। इसके साथ-साथ अखिल ने सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी निरंतरता और मेहनत का लोहा भी मनवाया है।
==================================
कोठी मझेड़ क्लस्टर के संबंध में फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी, किसानों को किया जा रहा गुमराह
शिवा प्रोजेक्ट के तहत रोपित किए है मौसंबी सहित अन्य किस्मों के 14672 पौधे, सिंचाई के लिए करवाया है 8 माॅडयूलर टैंको का निर्माण
उपनिदेशक बागवानी ने क्लस्टर को लेकर फैलाई जा रहे भ्रामक प्रचार से दूर रहने का किया आहवान
बिलासपुर 11 फरवरी: उपनिदेशक बागवानी डाॅ. जगदीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर के विकास खंड सदर के अंतर्गत ग्राम कोठी मझेड़ में उद्यान विभाग द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक वित्तपोषित एच.पी. शिवा परियोजना के तहत वर्ष 2020 में स्थापित स्वीट ऑरेंज क्लस्टर के संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रामक, असत्य एवं अप्रमाणिक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भ्रामक प्रचार करने वाले तत्व क्लस्टर के किसान नहीं हैं तथा लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जिला के सभी किसानों एवं बागवानों से आह्वान किया है कि वह इस प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें।
उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा कोठी मझेड़ में स्थापित क्लस्टर में मौसंबी, ब्लड रेड, पेरा, बेस्टिन एवं वेलेंसिया सहित स्वीट ऑरेंज की विभिन्न किस्मों के लगभग 14672 पौधे रोपित किए गए है। परियोजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार बागवानों को आवश्यक खाद एवं दवाइयां इत्यादि उपलब्ध करवाई गई है। पौधों की सिंचाई सुविधा के लिए वर्षों से बंद पड़ी कूहल का जल शक्ति विभाग द्वारा जीर्णोद्धार करवाकर एक लाख लीटर क्षमता का मुख्य डिलीवरी टैंक तथा 20 हजार लीटर क्षमता के 8 मॉड्यूलर टैंकों का निर्माण किया गया तथा टपक सिंचाई प्रणाली स्थापित की गई है।
डाॅ. जगदीश वर्मा ने बताया कि राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा क्लस्टर के दौरे के दौरान गंभरोला खड्ड में नई सिंचाई योजना की घोषणा के अनुसार स्कीम बनकर तैयार हो रही है तथा केवल पम्प हाउस निर्माण का कार्य ही शेष बचा है। जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर स्थापना से पूर्व जंगली जानवरों के आतंक के कारण क्षेत्र की भूमि बंजर पड़ी थी। बाद में कुछ किसानों द्वारा कूहल के पानी का उपयोग अन्य फसलों, विशेषकर लहसुन की खेती में करने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। किसी व्यक्ति द्वारा क्लस्टर के कारण आत्महत्या किए जाने की बात पूर्णतः असत्य है। संबंधित घटना दो वर्ष पूर्व की है जब क्लस्ट में फल लगना शुरु हुए थे तथा व्यक्ति की आत्महत्या का अन्य घरेलू कारण था, जिसकी पुष्टि मृतक व्यक्ति की पत्नी से की जा सकती है।
उन्होंने स्वीट ऑरेंज की किस्म को लेकर बताया कि कोठी मझेड़ क्लस्टर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर करोट क्लस्टर में भी यही किस्में बागवानों को उपलब्ध करवाई गई है तथा इस वर्ष लगभग 40 मीट्रिक टन स्वीट आॅरेंज फल पंचकूला सहित विभिन्न मंडियों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि यह फल खुदरा बाजार में 26 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका तथा परिवहन व्यय व्यापारी द्वारा वहन किया गया है। उन्होंने बताया कि व्यापारी ने आश्वासन दिया है कि आगामी वर्ष घुमारवीं में ही फल संग्रहण केंद्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने सभी किसानों व बागवानों से अपील की है कि वह भ्रामक एवं तथ्यहीन अफवाहों से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए विभाग से ही संपर्क करें।
=============================================
जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 15 फरवरी को
बिलासपुर, 11 फरवरी: अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 15 फरवरी को प्रातः 11 बजे उपायुक्त कार्यालय, बिलासपुर के बचत भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे।
उन्होंने सभी गैर-सरकारी सदस्यों से अनुरोध किया कि वह बैठक में चर्चा के लिए अपने-अपने मदों का मसौदा 12 फरवरी को सांय 4 बजे तक उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें बैठक के ऐजेन्डा में सम्मिलित किया जा सके। साथ ही, प्रत्येक सदस्य से अधिकतम दो मद ही भेजने का आग्रह किया गया है।
समिति के सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया गया है, ताकि जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक चर्चा एवं निर्णय लिए जा सके।
-===============================
बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेना खतरनाक, एसडीम राजदीप सिंह ने युवाओं को किया जागरूक
बिलासपुर 11 फरवरी 2026-सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से सीधे एंटीबायोटिक खरीदकर खाने की आदत भविष्य में गंभीर परिणाम दे सकती है। यह बात इंडियन करियर डिफेंड अकादमी बिलासपुर में आयोजित एक विशेष सत्र के दौरान एसडीएम सदर बिलासपुर डा. राजदीप सिंह (एमबीबीएस) ने कही।
आइएएस अधिकारी बनने से पूर्व बतौर चिकित्सक सेवाएं दे चुके डा. राजदीप सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिना डॉक्टरी परामर्श एंटीबायोटिक लेने से शरीर में मौजूद कीटाणु दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बन जाते हैं। उन्होंने सरल शब्दों में समझाया कि कीटाणुओं को दवाओं की ‘आदत’ पड़ जाती है, जिसके कारण अगली बार वही दवा असर नहीं करती। यह स्थिति भविष्य में सामान्य बीमारियों को भी गंभीर…
============================================
लखनपुर में सीवरेज कार्य का एसडीएम ने किया निरीक्षण
बिलासपुर 11 फरवरी 2026-बिलासपुर शहर में निर्माणाधीन सीवरेज योजना के अंतर्गत एसडीएम राजदीप सिंह ने लोअर लखनपुर क्षेत्र का दौरा कर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है, वहां सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य भी समानांतर रूप से किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुविधा सर्वोपरि है और कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था, पैदल आवाजाही तथा व्यापारिक गतिविधियों पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित…
=============================================
यूको आरसेटी ने किया 10 दिवसीय फास्ट फूड स्टाॅल उद्यमी प्रशिक्षण का सफल आयोजन
30 महिलाओं ने प्रशिक्षण में लिया भाग, बैंकिंग व स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की दी जानकारी
13 फरवरी से खिलौने बनाना और 23 फरवरी से शुरु होगा ड्राइविंग प्रशिक्षण, इच्छुक कर सकते हैं आवेदन
बिलासपुर, 11 फरवरी: यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर के माध्यम से बिलासपुर जिला में फास्ट फूड स्टाॅल उद्यमी का 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूह व बीपीएल परिवार की 30 महिलाओं ने भाग लिया। इस शिविर में महिलाओं को विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड जैसे चाउमीन, बर्गर, फ्राइड राइस, भेल पूरी, टिक्की, मैक्रोनी व पानी पूरी आदि बनाने बारे विस्तृत जानकारी दी गई ।
संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए बताया
=============================================
बैरी अनुभाग के अंतर्गत आसपास के क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 11 फरवरी: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-1 सन्नी कुमार जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 फरवरी को अनुभाग बैरी में पेडों की कांट-छांट व जीओ स्वीच के पार्ट बदले के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि बैरी अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र बैरी रजादियां, नालग, गुग्गा भटेर, बरमाणा, कैंचीमोड़, खतेर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है