जेएनवी ऊना में जेईई और नीट परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 10 बच्चों को वितरित की निःशुल्क पुस्तकें
ऊना, 11 फरवरी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय(जेएनवी) ऊना द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सुदृढ़ मार्गदर्शन प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। इसके तहत जेईई और नीट परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 11वीं और 12वीं कक्षा के चयनित विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई।

पीएम श्री जेएनवी पेखूबेला के प्राचार्य राज सिंह ने बताया कि ये विद्यार्थी नवोदय विद्यालय समिति के लक्ष्य पोर्टल के माध्यम से नियमित अध्ययन कर रहे हैं तथा निरंतर टेस्ट सीरीज में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों की लगन, निरंतर प्रयास एवं प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए कुल 10 विद्यार्थियों को फिजिक्सवाला की पुस्तकें निःशुल्क प्रदान की गईं।
उन्होंने बताया कि यह शैक्षणिक सहयोग अवंती फेलोज द्वारा नवोदय विद्यालय समिति के सहयोग से उपलब्ध कराया गया। लाभान्वित विद्यार्थियों में 3 विद्यार्थी चिकित्सा तथा 7 विद्यार्थी अभियंत्रण परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इसके साथ ही प्राचार्य ने विद्यार्थियों को निरंतर अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सही दिशा में कठोर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का पूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया।

इस मौके पर पीजीटी कंप्यूटर विज्ञान अमित कुमार और टीजीटी कंप्यूटर विज्ञान सिद्धांत चंदेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
====================================
इंद्र ऑटो इंडस्ट्रिज़ में भरे जाएंगे 22 पद, साक्षात्कार 16 को ऊना में
ऊना, 11 फरवरी। इंद्र ऑटो इंडस्ट्रिज़ नया नंगल द्वारा विभिन्न श्रेणियों में 22 पद भरे जाएंगे। इसके लिए साक्षात्कार 16 फरवरी को सुबह 10.30 बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय ऊना में आयोजन किया जा रहा है। इनमें वेल्डर के 5 पद, टर्नर के 3 पद, फिटर के 5, पेंटर के 2, डेंटर के 2 और हेल्पर के 5 पद शामिल है।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता वेल्डर, टर्नर और फिटर फील्ड में आईटीआई होना अनिवार्य है। साथ ही, आयु सीमा 20 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
अक्षय शर्मा ने बताया कि योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार की फोटो, मूल प्रमाण पत्र एवं बायोडाटा की कॉपी सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 92161-20832, 92160-20832 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
==========================================
सोलन दिनांक 11.02.2026

सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशाला 12 फरवरी को

सड़क सुरक्षा के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा 12 फरवरी, 2026 को कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन कविता ठाकुर ने दी।
कविता ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला का आयोजन 12 फरवरी, 2026 को प्रातः 11.00 बजे उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सोलन ज़िला के सभी बस, ऑटो, टैक्सी, पिकअप चालकों से आग्रह किया कि कार्यशाला को सफल बनाने के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं।
========================================
जनजातीय उपमंडल भरमौर के लामू गांव में सेब रोग प्रबंधन को जागरूकता शिविर आयोजित
कृषि विज्ञान केंद्र तथा उद्यान विभाग के सौजन्य से बागवानों को किया जा रहा है जागरूक
12 फरवरी को उपमंडल चुराह के मदन गांव में आयोजित होगा शिविर
चम्बा, 11 फरवरी-कृषि विज्ञान केंद्र चम्बा के तत्वावधान तथा उद्यान विभाग के सहयोग से जिले के बागवानों को सेब फसल में रोग प्रबंधन से संबंधित जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से क्रियान्वित किए जा रहे विशेष अभियान की निरंतरता में आज जनजातीय उपमंडल भरमौर की उपतहसील होली के लामू गांव में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जया चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य बागवानों को सेब फसल में उत्पन्न होने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, रोकथाम एवं वैज्ञानिक प्रबंधन संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से बागवानों को सेब फसल के समुचित प्रबंधन के साथ-साथ अल्टरनेरिया एवं मार्सोनिना लीफ ब्लॉच जैसे प्रमुख रोगों की प्रभावी रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से डॉ. सुशील धीमान तथा उद्यान विभाग के प्रसार अधिकार पंकज कुमार ने शिविर में उपस्थित बागवानों को महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों अधिकारियों ने
बताया कि समय रहते वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने से न केवल फसल को रोगों से बचाया जा सकता है बल्कि उत्पादन एवं गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है, जिससे बागवानों को उनकी उपज के बेहतर दाम प्राप्त होंगे।
उन्होंने सेब की फसल से संबंधित रोगों की पहचान, दवाइयों के संतुलित उपयोग, छिड़काव की सही विधि एवं समय-निर्धारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने फसल उत्पादकता बढ़ाने तथा सतत कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। बागवानों को मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा बागों की नियमित निगरानी के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र चम्बा से निरंतर संपर्क बनाए रखने और नवीन तकनीकी अनुशंसाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा अनुशंसित छिड़काव कार्यक्रम (स्प्रे शेड्यूल) का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित स्प्रे शेड्यूल का पालन करने से बागवान अपनी फसल के बेहतर आकार, गुणवत्ता एवं उत्पादन को सुनिश्चित कर सकते हैं।
इस दौरान बागवानों से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा विशेषज्ञों द्वारा दिए गए वैज्ञानिक परामर्श एवं अनुशंसित विधियों को अपनाने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी (बृहस्पतिवार) को अभियान के तहत अगला जागरूकता शिविर उपमंडल चुराह के मदन गाँव में आयोजित किया जाएगा
================================================

मैहला में जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर एवं कार्यशाला आयोजित

चंबा, 11 फरवरी-जिला बाल संरक्षण इकाई, चंबा द्वारा मैहला में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश राय ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, कन्यादान योजना, बेटी है अनमोल योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आंगनवाड़ी स्तर पर पात्र बच्चों की पहचान कर शीघ्र विभाग को सूचित करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई, चंबा की विधि एवं परिवीक्षा अधिकारी माला शर्मा ने पोक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध, बाल मजदूरी तथा किशोर न्याय अधिनियम और किशोर न्याय बोर्ड की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

बाल संरक्षण अधिकारी रिंकू शर्मा ने प्रतिभागियों को मिशन वात्सल्य, किशोर न्याय अधिनियम, दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया, बच्चों के अधिकार, जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और गुड़िया हेल्पलाइन 1515 के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई के बाल संरक्षण अधिकारी अजय कुमार, परामर्शदाता स्नेह शर्मा, लेखाकार तरुण वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता बबीता एवं निशांत कालिया, डाटा विश्लेषक धर्मेंद्र कुमार, आउटरीच कार्यकर्ता रमन कुमार और बबली देवी सहित आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ताओं समेत लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।