जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक अब 13 मार्च को
मंडी, 5 मार्च। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक, जो पहले 7 मार्च को प्रात: 11.00 बजे विपाशा सदन मंडी में आयोजित की जानी निर्धारित थी, प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 13 मार्च को पूर्व निर्धारित समय व स्थान पर आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
---------------------------------------------------------------------------
मंडी में एसएचईपी पद्धति के तहत बाजार सर्वेक्षण आयोजित
मंडी, 5 मार्च। जायका कृषि परियोजना के तहत ब्लॉक परियोजना प्रबंधन इकाई मंडी ने एसएचईपी पद्धति से एक दिवसीय बाजार सर्वेक्षण आयोजित किया। यह कार्यक्रम मंगलवार को डडौर और धनोटू के एपीएमसी मार्केट यार्ड में एसएमएस डॉ. खूब राम, खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार और एडीओ हंस राज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सर्वेक्षण में कुल 40 किसानों ने भाग लिया, जो चार उप-परियोजनाओं एफआईएस ठंडी बावड़ी, एफआईएस पाज्जा नाला, एफआईएस केहड़ और एसटीडब्ल्यू लोहारा से संबंधित थे। किसानों ने थोक एवं खुदरा व्यापारियों से संवाद कर फसल की मांग, मौसमी मूल्य उतार-चढ़ाव, अधिकतम एवं न्यूनतम दरें तथा खरीदारों के संपर्क विवरण एकत्र किए।
अधिकारियों ने बताया कि एसएचईपी पद्धति से बाजार की मांग और मूल्य प्रवृत्तियों का अध्ययन कर उत्पादन की बेहतर योजना बनाई जा सकती है।
=================================
सोलन- दिनांक 05.03.2026
आवश्यक कार्य के लिए मार्ग रहेगा बंद
नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 02 में पुलिस चौकी सपरुन से बिजली बोर्ड कार्यालय तक इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य के दृष्टिगत सड़क बंद करने की अनुमति प्रदान की गई है। यह अनुमति अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन द्वारा प्रदान की गई है।
अनुमति के अनुसार यह सड़क 06 मार्च से 11 मार्च, 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 09.00 बजे से प्रातः 05.00 बजे तक बंद रहेगी।
यह अनुमति नगर निगम सोलन के संयुक्त आयुक्त को 06 दिन के लिए इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक बिछाने के लिए प्रदान की गई है।
=========================================
दिव्यांगों और बुजुर्गों को कृत्रिम अंग एवं उपकरण देने के लिए लगेंगे आकलन शिविर
16 मार्च को भकरेड़ी और 17 मार्च को हमीरपुर में लगाए जाएंगे शिविर
18 मार्च को सुजानपुर, 19 को कलूर और 20 को भोरंज में किया जाएगा आकलन
हमीरपुर 05 मार्च। जिला हमीरपुर के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग तथा अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम मोहाली द्वारा जिला प्रशासन हमीरपुर और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एक विशेष पहल की गई है। निशुल्क कृत्रिम अंग और अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के आकलन के लिए इस माह जिला हमीरपुर के सभी उपमंडलों में आकलन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि 16 मार्च को बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत भकरेड़ी में, 17 मार्च को जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर, 18 मार्च को तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय सुजानपुर, 19 मार्च को नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कलूर और 20 मार्च को पंचायत कार्यालय भोरंज मंे आकलन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
एडीसी ने बताया कि इन शिविरों में जिला के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, वॉकर एवं कानों की मशीन इत्यादि उपकरण निशुल्क प्रदान करने के लिए परीक्षण किया जाएगा। इन शिविरों में आंखों के चश्मांे और दांत लगवाने के लिए परीक्षण नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता से ग्रस्त दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक इन शिविरों में भाग लेकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। दिव्यांगजनों को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सालाना 2.70 लाख रुपये या इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाना होगा। जिन दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, वे स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से स्वावलंबन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर यूडीआईडी कार्ड बनवा सकते हैं।
इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छाया प्रति, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी सालाना 1.80 लाख रुपये अथवा इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाएं।
उपमंडल हमीरपुर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 94187-43265, बड़सर उपमंडल के लिए 94186-67372, भोरंज के लिए 98162-85178, नादौन के लिए 78071-52504 और सुजानपुर के लिए 70186-86968 पर संपर्क किया जा सकता है।
===================================================
नगर निगम ऊना में सिटीजन सेवा पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
ऊना, 5 मार्च। नगर निगम ऊना में आज(गुरुवार) को सिटीजन सेवा पोर्टल के दूसरे चरण (फेज-II) में जोड़ी गई नई सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला ऊना के सभी शहरी निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम ऊना, नगर परिषद अंब, नगर पंचायत दौलतपुर, नगर पंचायत गगरेट, नगर परिषद मेहतपुर-बसदेहड़ा, नगर परिषद संतोषगढ़ तथा नगर पंचायत टाहलीवाल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिटीजन सेवा पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को नगर निकायों से संबंधित विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल पहल से आम जनता को घर बैठे सुविधाजनक तरीके से सेवाओं का लाभ मिल सकेगा तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली भी अधिक सुगम और प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर शहरी विकास विभाग की एसपीएमयू टीम से अनुराग ठाकुर एवं साहिल राणा ने प्रतिभागियों को सिटीजन सेवा पोर्टल के दूसरे चरण में शामिल नई सेवाओं के बारे में विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने एरियर (प्रॉपर्टी एंड गार्बेज), एमआरएफ, हिम सेवा सुविधा, ई-सेवा रिक्वेस्ट तथा ई-चालान जैसी सेवाओं के संचालन और उपयोग से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
मनोज कुमार ने बताया की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सिटीजन सेवा पोर्टल के फेज-II में शुरू की गई सेवाओं के बारे में प्रशिक्षित करना तथा नागरिकों को अधिक से अधिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि नगर निकायों से जुड़ी सेवाएं आम जनता को घर बैठे सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से प्राप्त हो सकें।
इस दौरान जिला ऊना के विभिन्न शहरी निकायों से बलजीत सिंह, आकाशदीप धीमान, राधा, मंजुल शर्मा, लोकभानु, हरजिंदर सिंह, राधा रानी, सुनीता, आकाश भाटिया, अनीता कुमारी और रुचि सहित नगर निगम ऊना से अमनजीत, अंबिका, बबली, सुशील गुप्ता, अभिषेक और मनोज कौशिक भी उपस्थित रहे।
===================================================
स्वामित्व योजना के तहत कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
ऊना, 5 मार्च। कार्यकारी जिला राजस्व अधिकारी ऊना विपिन ठाकुर की अध्यक्षता में आज (गुरुवार)को जिला के समस्त राजस्व कर्मचारियों के साथ बचत भवन ऊना में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यों को जमीनी स्तर पर और अधिक गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विपिन ठाकुर ने सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जिला के 522 महालों/उपमहालों में योजना से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेज़ी से पूरा करें, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए स्वामित्व योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें।