सोलन-दिनांक 14.03.2026
डॉ. शांडिल 16 मार्च को सोलन के प्रवास पर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 16 मार्च, 2026 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे।
कर्नल शांडिल 16 मार्च, 2026 को प्रातः 11.30 बजे उपायुक्त कार्यालय सोलन के सम्मेलन कक्ष में ज़िला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
=============================
सोलन ज़िला में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालतों में आपसी सहमति से निपटाए गए 5835 मामले
5142 वाहन चालान मामले भी निपटाए गए
सोलन ज़िला के सभी न्यायालयों में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष शरद कुमार लगवाल ने इन लोक अदालतो की अध्यक्षता की।
यह जानकारी आज यहां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव आकांक्षा डोगरा ने दी।
आकांक्षा डोगरा ने कहा कि ज़िला सोलन के नालागढ़, कसौली, अर्की उपमण्डल तथा सोलन मुख्यालय में 14 लोक अदालत बैंचों का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व इस मार्च माह मे प्री-लोक अदालत सीटिंगस भी आयोजित करवाई गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने कहा कि इस अवसर पर कुल 7634 मामलों को सुनवाई के लिए प्री लोक अदालत सीटिंगस एवं लोक अदालत की विभिन्न बैंचों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से 5835 मामलों का निपटारा विभिन्न पक्षों की आपसी सहमती से किया गया। इन मामलों में कुल समझौता राशि 12 करोड़ 79 लाख 70 हज़ार 430 रूपये प्राप्त की गई।
उन्होंने कहा कि इन मामलों में 6442 वाहन चालानों को भी विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया। इनमें से कुल 5142 मामलों का निपटारा किया गया।
============================================
राष्ट्रीय लोक अदालत में 8415 मामलों का निपटारा
धर्मशाला, 14 मार्च : जिला कांगड़ा के सभी न्यायालयों में आज शनिवार को चिराग भानु सिंह, अध्यक्ष (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा, धर्मशाला की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन, एन.आई. एक्ट, धन वसूली से संबंधित मामले, श्रम विवाद, आवश्यक सेवाओं से जुड़े मामले (जैसे बिजली एवं जल बिल संबंधी मामले), दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के अंतर्गत भरण-पोषण के मामले, आपराधिक कंपाउंडेबल मामले, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के मामले, वैवाहिक मामले, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले, राजस्व मामले तथा अन्य सिविल मामलों सहित मुकदमा पूर्व एवं न्यायालयों में लंबित कुल 11,657 मामलों को लोक अदालत में रखा गया।
इनमें से 8,415 मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निपटारा किया गया तथा 9,96,26,138 रुपये की राशि प्राप्त हुई ।
=========================================
*राष्ट्रीय लोक अदालत में 4704 मामलों पर समझौते के आधार पर हुआ निस्तारण*
ऊना, 14 मार्च। जिला एवं सत्र न्यायालय ऊना तथा उपमण्डल अंब स्थित न्यायालय परिसर में आज (शनिवार) को जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और समझौते के आधार पर कुल 4704 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें लगभग 97,88,191 रुपये की राशि के समझौते हुए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिता शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को सरल, त्वरित और सुलभ बनाना है, जिससे लोगों को कम समय में राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में अपराधिक कंपाउंडेबल मामलों, दीवानी विवादों, चेक बाउंस से जुड़े धारा 138 एन.आई. अधिनियम के मामलों, उपभोक्ता शिकायतों, मोटर व्हीकल चालान तथा धन वसूली से संबंधित मामलों की सुनवाई कर उनका निपटारा किया गया।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से न केवल लंबित मामलों के समाधान में तेजी आती है, बल्कि आपसी समझदारी के साथ विवादों का निपटारा भी संभव हो पाता है, जिससे न्याय व्यवस्था पर बोझ कम होने के साथ-साथ आम नागरिकों को त्वरित न्याय प्राप्त होता है।
=================================================
**जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें : राजीव शर्मा **
ऊना, 14 मार्च। ज़िला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आई है कि कुछ गैस एजेंसियों में सिलेंडर बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ एकत्रित हो रही है।
उन्होंने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ एकत्रित कर घबराहट (पैनिक सिचुएशन) की स्थिति उत्पन्न न करें। गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गैस एजेंसियों में व्यक्तिगत रूप से जाने के बजाय घर बैठे मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप, एसएमएस सेवा, मोबाइल एप्लीकेशन या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। प्रत्येक गैस एजेंसी द्वारा इसके लिए अलग-अलग संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए गए हैं, जिन पर कॉल कर आसानी से सिलेंडर की बुकिंग करवाई जा सकती है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाएं, ताकि सभी को बिना किसी असुविधा के समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही जिले में संचालित विभिन्न गैस एजेंसियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। इनमें कमल गैस एजेंसी ऊना 01975-223032,226732 और 84549-55555, शाहिद सुनील गैस एजेंसी गगरेट 76500-41667, एचपीएससीएससी लिमिटेड मेहतपुर 70182-63159, एचपीएससीएससी लिमिटेड अम्ब 01976-292156, 98723-58465, बंगाणा गैस एजेंसी बंगाणा 94180-83104, 78766-75501, दीपक गैस एजेंसी संतोषगढ़ 98161-67558, पंजवार गैस एजेंसी पंजवार 98829-29901, सुगम गैस एजेंसी रक्कड़ 98160-11909, आर्यन इंडेन ग्रामीण वितर्क बडूही 98162-86239, चिंतपूर्णी भारत गैस दौलतपुर चौक 70180-20890, 98161-30409, बाबा बड़भाग सिंह भारत गैस ग्रामीण वितर्क मैडी 98166-14077 और माता श्री चिंतपूर्णी इंडेन नारी 01976-255583, 84549-55555 हैं।