चंबा साहित्य उत्सव को मिलेगा नियमित स्वरूप -उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
उपायुक्त ने विशेष योगदान देने वाली विभूतियों को किया सम्मानित
अंतर-महाविद्यालय साहित्यिक गतिविधियों को लेकर दिए निर्देश
चंबा, मार्च 25-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज बचत भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में चंबा साहित्य उत्सव के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों, पूर्व अधिकारियों, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा प्रेस प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि चंबा साहित्य उत्सव का नियमित वार्षिक आयोजन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा के तत्वावधान में किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुकेश रेपसवाल ने आयोजन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए एक संस्था के पंजीकरण का सुझाव दिया। उन्होंने आयोजन में स्थानीय जनभागीदारी को अधिकाधिक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक शिक्षा डॉ. विद्यासागर शर्मा से सक्रिय सुझाव एवं अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को साहित्यिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए महाविद्यालय प्रबंधन को जिला स्तर पर अंतर-महाविद्यालय साहित्यिक गतिविधियों के आयोजन को लेकर वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ में उन्होंने जिला भाषा अधिकारी को विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों के आयोजन को जिला के विभिन्न महाविद्यालय परिसरों में सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाहर से आए लेखकों की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न की गईं जिससे यह आयोजन सफल रहा। उन्होंने साथ में विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उत्सव आयोजन समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं नवोदित साहित्यकारों से अपनी रचनाएं एवं काव्य पाठ महाविद्यालय प्रशासन तथा जिला भाषा अधिकारी को प्रेषित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों और नवोदित साहित्यकारों को जिला प्रशासन की ओर से अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक सशक्त एवं सार्थक डिजिटल मंच प्राप्त होगा। साथ में चंबा साहित्य उत्सव के विभिन्न सोशल मीडिया मंच भी निरंतर सक्रिय एवं जीवंत बने रहेंगे।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त राहुल धीमान, सेवानिवृत्ति संयुक्त निदेशक शिक्षा डॉ. विद्यासागर शर्मा, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय डॉ. राकेश राठौर, हिंदी विभागाध्यक्ष राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डॉ.प्रशांत रमन रवि, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने चंबा साहित्य उत्सव को लेकर अपने विचार रखें।
इस दौरान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा से शिवानी, आफरीन मलिक, चिंतन कुमार, प्रांजल , ममता, काजल एवं रोहित कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों सहित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
=======================================
जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
चंबा, 25 मार्च -उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय में नार्को समन्वय समिति (NCORD) की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला में नशीली दवाओं, मादक द्रव्य व उनकी रोकथाम एवं धरपकड़ हेतू कार्यतंत्र को प्रभावी तौर से विकसित करने हेतू उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की गई ।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में व विशेष रूप से स्कूलों व कॉलेजों में चिट्टा व अन्य मादक पदार्थों के रोकथाम को लेकर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे के खिलाफ कठोर कदम उठाये जा रहे जिसके मध्य नजर सभी संबंधित अधिकारी चिट्टे के रोकथाम को लेकर कड़े कदम उठाए।
पुलिस अधीक्षक विजय सिंह सकलानी ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए बताया कि पुलिस विभाग द्वारा किया वर्ष 2025 से अब तक कुल 129 अभियोग मादक द्रव्य अधिनियम के अंतगर्त पंजीकृत हो चुके है। जिनमे कुल 207 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा जिनसे 47 किलोग्राम चरस, 504 ग्राम हीरोइन / चिट्टा, 31 केप्सूल, 111 ग्राम ओपीम, 18875 पौपी प्लांट व 589997 नगद राशि मुबलिग बरामद करने में सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस चम्बा का नशे के विरुद्ध अभियान निरन्तर एवं लगातार जारी है।
बैठक में आबकारी एवं कराधान विभाग से संबंधित कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग नूतन महाजन ने कार्रवाई का संचालन करते हुए बताया कि जिला चम्बा में कुल 147 आबकारी वेंड संचालित हैं, जिनमें 143 नियमित वेंड तथा 4 सब-वेंड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष के चौथे तिमाही तक 4271 सैंपल लिए गए हैं तथा 1250 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान 4886.875 बोतल शराब जब्त की गई है। उन्होंने बताया गया कि पुलिस के साथ समन्वय कर वर्ष के दौरान 8 मामलों का खुलासा किया गया, जिनमें से 3 मामले माननीय न्यायालय में विचाराधीन हैं। इस वर्ष कुल 5,48,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया है, जिसमें से 32,000 रुपये चौथी तिमाही में वसूले गए।
अतिरिक्त, हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 43 के अंतर्गत 13 मामलों का पता लगाया गया है तथा 6,05,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे विभाग द्वारा वसूल किया जा चुका है। एक मामले में लाइसेंस को निलंबित भी किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।