जिला प्रशासन कांगड़ा आईपीएल मैचों हेतु पूर्णतः तैयार, सभी माॅक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न
धर्मशाला, 5 मई: मई माह के दौरान एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीन महत्वपूर्ण मैचों के दृष्टिगत जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
इस संबंध में एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित चारों (04) माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई हैं तथा सभी संबंधित विभाग किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन की संवेदनशीलता तथा बड़ी संख्या में संभावित दर्शकों, खिलाड़ियों, वीआईपी, वीवीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आयोजन कर्मियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संभावित आपदा परिदृष्यों पर आधारित माॅक अभ्यास आयोजित किए गए। इन अभ्यासों के माध्यम से न केवल विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया, बल्कि संसाधनों की उपलब्धता, संचार प्रणाली, निकासी योजना, भीड़ नियंत्रण एवं अंतर-विभागीय समन्वय का भी व्यापक मूल्यांकन किया गया।
एडीएम ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को आयोजित स्ट्रक्चरल कोलैप्स ड्रिल के दौरान स्टेडियम के एक हिस्से के आंशिक ध्वस्त होने की काल्पनिक स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान, घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, ट्रायेज प्रणाली तथा एम्बुलेंस मूवमेंट का परीक्षण किया गया जबकि 29 अप्रैल 2026 को ड्रोन घुसपैठ, एयरस्पेस खतरा सिमुलेशन आयोजित किया गया, जिसमें अनधिकृत ड्रोन की संभावित घुसपैठ की स्थिति में पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों एवं तकनीकी टीमों की प्रतिक्रिया, सूचना संप्रेषण तंत्र तथा एयरस्पेस सुरक्षा प्रोटोकाॅल की समीक्षा की गई।
इसके अलावा आज दो महत्वपूर्ण माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। प्रथम, नाइट-टाइम इमरजेंसी ड्रिल के अंतर्गत मैच के दौरान बिजली बाधित होने की स्थिति, बैकअप लाइटिंग सिस्टम के सक्रियण, कम दृष्यता में निकासी, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली तथा आपातकालीन निकास मार्गों का परीक्षण किया गया। इस दौरान दर्शकों की सुरक्षित निकासी एवं आपातकालीन प्रकाश व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।
इसके अतिरिक्त फायर इमरजेंसी ड्रिल के तहत फूड कोर्ट एवं इलेक्ट्रिकल रूम में आग लगने की काल्पनिक स्थिति का सिमुलेशन किया गया। अग्निशमन विभाग द्वारा फायर दमन, धुआं नियंत्रण, फायर हाइड्रेंट सक्रियण, घायलों की निकासी तथा इंसिडेंट कमांड सिस्टम (आईसीएस) का सफल संचालन किया गया।
उन्होंने बताया कि इन सभी अभ्यासों में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, एचपीसीए प्रबंधन, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वयंसेवक एवं अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।
माॅक ड्रिल्स के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझावों को शामिल किया गया। प्रशासन द्वारा स्टेडियम की आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना, चिकित्सा प्रतिक्रिया प्रणाली, रूट डायवर्जन योजना, भीड़ प्रबंधन रणनीति तथा वीआईपी सुरक्षा समन्वय को अंतिम रूप प्रदान कर दिया गया है।
एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सभी हितधारकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी) द्वारा निरंतर निगरानी की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मैचों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियमों एवं सुरक्षा प्रोटोकाॅल का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, सभी विभागों एवं सहयोगी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से आईपीएल मैचों का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
===============================
आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों के लिए दूरभाष नम्बर जारी : एडीसी
धर्मशाला, 5 मई: अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने आज यहां जानकारी देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की संपर्क व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया है। उन्होंने बताया कि अब वैकल्पिक टेलीफोन नंबर 01892-223322 (कक्ष संख्या 718) को जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के रूप में क्रियाशील किया गया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों का प्रभावी ढंग से निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पूर्व यह व्यवस्था कक्ष संख्या-803 में की गई थी और इसका टेलीफोन नंबर 01892-222103 था।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए संशोधित संपर्क नंबर का ही उपयोग करें, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
=======================================
विशेष लोक अदालतों का किया जा रहा आयोजन,
गूगल फाॅर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई
धर्मशाला, 05 मई: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा के सचिव आर॰ मियूल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि विशेष लोक अदालत का आयोजन माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में 21, 22 तथा 23 अगस्त को होगा, जिसमें माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले शामिल किए जाएंगे, जिसकी परिणति में विशेष लोक अदालत पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन राज्य/जिला/तालुका/उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण/ समिति स्थित मध्यस्थता केंद्र में किया जा रहा है। इस सुलह वार्ता के आयोजन के साथ राज्य तथा जिला स्तर पर समाधान समारोह का आरंभ किया गया है।इस समाधान समारोह के आयोजन का लक्ष्य सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सुलह एवं आपसी सहमति से निपटान करना है।अधिवक्तागण, वादकारियों तथा अन्य सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय रूप् से भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाता है ताकि समाधान समारोह में आपसी सहमति एवं वार्ता से समाधान तलाशने का प्रयास किया जा सके।इन सुलह बैठकों का आयोजन राज्य/जिला/तालुका/उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण/समिति स्थित मध्यस्थता केंद्र में किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ तथा सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण/समिति पक्षकारों की मदद करेंगे। पक्षकार इन सुलह-प्रयास हेतु बैठकों/वार्ताओं में सशरीर अथवा आभासी रूप् से शामिल हो सकते हैं।सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को समाधान समारोह में शामिल करने के लिए गूगल फाॅर्म तैयार किया है। इस गूगल फाॅर्म को भरना अत्यंत सरल है। इसे भरकर अपने मामले को समाधान समारोह 2026 में शामिल किया जा सकता है। यह गूगल फाॅर्म माननीय सर्वाेच्च न्यायालय की वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर उपलब्ध है। इसके लिए गूगल फाॅर्म लिंक https://forms.gle/pRWbif6wAPrcgMsZ8 पर जानकारी भरी जा सकती , गूगल फाॅर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई, 2026 निर्धारित की गई हैकिसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए सर्वाेच्च न्यायालय के वन स्टाॅप सेंटर से संपर्क किया जा सकता है, जिसके दूरभाष नंबर 011-23116464, 011-23116465, 011-23112428 हैं। इसके अतिरिक्त सीआरपी निदेशक से दूरभाष नंबर 011-232225652 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
==============================
धर्मशाला 6 मई को बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति
धर्मशाला, 5 मई: विद्युत उपमंड़ल, नं-1 के सहायक अभिंयता अभिषेक कटोच ने जानकारी दी है कि कालापुल सब स्टेशन पर 33/11 केवी यार्ड और धर्मशाला शहर के इससे जुडे़ 11 केवी फीडरों के सामान्य रखरखाव कार्यों के लिए 6 मई को सुबह 10 बज़े से शाम 5 बज़े तक या कार्य समाप्ति तक कोतवाली बाज़ार, आईपीएच काॅम्प्लेक्स, एमसी ऑफिस, यात्री निवास, जोनल हाॅस्पिटल, आयुर्वेदिक अस्पताल, न्यायिक परिसर, टेलीफोन एक्सचेंज, एसपी कार्यालय, डीसी कार्यालय, डिपो बाज़ार, सिविल लाइन्स, रामनगर, लोअर टीसीवी, महाजन क्लिनिक शामनगर, पुलिस लाइन्स, एक जोत काॅलोनी, चिलगाढ़ी, हाउसिंग बोर्ड, शिक्षा बोर्ड, एआईआर, सरकारी काॅलेज, बीएड काॅलेज और सकोह, चेलियां, एचपीसीए स्टेडियम, सरस्वती नगर, सिविल लाइंस सिविल बाज़ार, फोरेंसिक लैब, माइक्रोवेव, टेलीफोन एक्सचेंज नरघोटा, टी एस्टेट पेट्रोल पंप (मान फिलिंग) गोरखा काॅलोनी, हाउसिंग काॅलोनी, सर्किट हाउस, ऑफिसर काॅलोनी चिलगाड़ी और आसपास के क्षेत्र में में विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बंद रहेगी। मौसम खराब होने पर अगले दिन शटडाउन किया जाएगा।
==========================
15 दिनों में बिजली जमा करवाएं धनेटा के उपभोक्ता
नादौन 05 मई। विद्युत उपमंडल धनेटा के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। सहायक अभियंता किशोरी लाल ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 15 दिन के भीतर उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।
उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे और कनेक्शन को बहाल करवाने के लिए अतिरिक्त शुल्क जमा करवाना होगा। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।