बिलासपुर, 06 अगस्त: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करें। राजेश धर्माणी आज उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा जिला से जुड़े जनहित के अनेक मुद्दे उठाए गए, जिन पर मंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में फोरलेन निर्माण, रेलवे परियोजना, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, पेयजल तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े शिकायतों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मंडी भराड़ी पुल से बिलासपुर बस स्टैंड तक रात्रि के समय टैक्सी एवं ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायत उठाई गई। इस पर मंत्री ने परिवहन विभाग को टैक्सी एवं ऑटो के किराए निर्धारित कर उनकी रेट सूची मंडी भराड़ी पुल के समीप प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने तथा निर्धारित किराए का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निजी बस संचालकों द्वारा निर्धारित रूट पर संचालित न होकर सीधे फोरलेन से जाने तथा यात्रियों को बीच रास्ते में उतारने की शिकायत भी उठाई गई। इस पर मंत्री ने उपायुक्त बिलासपुर को अतिरिक्त उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) की संयुक्त समिति गठित कर पूरे मामले की जांच करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने फोरलेन से जुड़ने वाली लिंक सड़कों को सीधे जोड़ने के बजाय वाई आकार में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके अतिरिक्त फोरलेन के विभिन्न अस्थायी बस स्टॉप पर वर्षाशालिकाओं के निर्माण तथा मंडी भराड़ी क्षेत्र में कम से कम तीन वर्षाशालिकाएं एवं सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के निर्देश भी दिए।
बैठक में शाहतलाई क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन तथा दुर्घटनाओं की स्थिति में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि शाहतलाई अस्पताल में केवल एक चिकित्सक कार्यरत है तथा रात्रि के समय डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता नहीं रहती। हाल ही में हुए बस हादसे के दौरान अस्पताल में पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मी उपलब्ध न होने पर मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 15 दिनों के भीतर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाहतलाई क्षेत्र में शीघ्र ही अर्बन हेल्थ सेंटर स्थापित किया जाएगा तथा एक अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंजगाईं में चिकित्सक उपलब्ध कराने तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बंदला से बिलासपुर होते हुए एम्स तक बस सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त उपस्थित विधायकों ने रविवार के दिन कई ग्रामीण रूटों पर सरकारी बस सेवाएं संचालित न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पुराने वाहनों एवं कबाड़ का अवैध भंडारण किए जाने का मामला भी बैठक में उठा। इस पर मंत्री ने पुलिस विभाग को ऐसे सभी अवैध डंपिंग स्थलों को हटाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क के किनारों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक झंडूता जे.आर. कटवाल एवं सदर विधायक त्रिलोक जामवाल ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े बिजली, पेयजल, सड़क तथा स्वास्थ्य सेवाओं सहित अनेक जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। दोनों विधायकों ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित एवं लंबे बिजली कटों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जवाब-तलब किया तथा स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में डीसी कार्यालय से किसान भवन तक सड़क के एक ओर पार्किंग व्यवस्था लागू करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त को पूरे मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे लाइन निर्माण के कारण व्यास गुफा स्थित प्राकृतिक जल स्रोत प्रभावित होने का मामला भी बैठक में उठाया गया। इस पर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने प्रशासन को रेलवे विभाग के माध्यम से व्यास गुफा की बावड़ी के प्राकृतिक जल स्रोत को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोत आपदा एवं संकट के समय अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इन्हें हर हाल में संरक्षित एवं पुनर्स्थापित किया जाना चाहिए।
बैठक में गैर-सरकारी सदस्य आशीष ठाकुर, रछपाल सिंह, रणवीर सिंह, अमरचंद शर्मा, नीलम ठाकुर तथा सुनील कुमार द्वारा उठाई गई विभिन्न जन शिकायतों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक झंडूता जे.आर. कटवाल, सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, हिमुडा बोर्ड के निदेशक जितेंद्र चंदेल, हिमकोफेड के निदेशक आशीष ठाकुर, एचआरटीसी परचेजिंग कमेटी के सदस्य संदीप संख्यान सहित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।